सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की 86 रन की अहम पारी की बदौलत भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में एक विकेट की रोमांचक जीत दर्ज की. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. मंधाना ने जामथा में विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में अपनी लाजवाब पारी के दौरान पांच चौके और चार छक्के जमाए. हालाकि भारत के लिए 208 रनों के लक्ष्य को हासिल करना आसान नहीं रहा और पांच गेंद पहले मुकाबला जीतने से पहले टीम ने 9 विकेट गंवा दिए थे.   मंधाना ने हरमनप्रीत कौर (21) और दीप्ति शर्मा (24) के साथ मिलकर अहम साझेदारी निभायी. पूनम यादव (30 रन देकर चार विकेट) और एकता बिष्ट (49 रन देकर तीन विकेट) ने मिलकर सात विकेट अपने नाम किए जबकि डीबी शर्मा ने दो खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा जिससे इंग्लैंड की खिलाड़ी साझेदारियां नहीं बना सकीं और पूरी टीम 49.3 ओवर में 207 रन पर सिमट गयी. डेनियली वाट (27) और टैमी ब्यूमोंट (37) की सलामी जोड़ी ने 71 रनों की साझेदारी निभायी जबकि एफसी विल्सन ने 45 रन बनाकर टीम को 200 रन का आंकड़ा पार कराने में मदद की. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए देविका वैद्य (15) और मंधाना (86) ने भारत को अच्छी शुरूआत करायी लेकिन डेनियली हेजल ने लगातार ओवरों में देविका और कप्तान मिताली राज को आउट कर इस भारत को तगड़ा झटका दिया. हरमनप्रीत कौर (21) ने फिर मंधाना का थोड़ी देर साथ निभाया लेकिन सोफी एस्सेलस्टोन ने हरमनप्रीत को आउट कर दिया. दीप्ति शर्मा (24) ने मंधाना के साथ 74 रन की साझेदारी निभायी लेकिन जार्जिया एलविस ने लगातार ओवरों में दोनों बल्लेबाजों को आउट कर दिया जिससे 38 वें ओवर में भारत का स्कोर पांच विकेट पर 171 रन हो गया. इसके बाद एस्सेलस्टोन ने सुषमा वर्मा (03), वेदा कृष्णमूर्ति (08) और झूलन गोस्वामी (02) को सस्ते में आउट कर मैच का रूख मोड़ने की उम्मीद दिखायी. लेकिन एकता बिष्ट ने 12 गेंद में इतने ही रनों की उपयोगी पारी खेल टीम को जीत दिला दी.