पीटरसन ने इंग्लैंड के खिलाफ विजय शंकर को मौका देने की वकालत की
ABP News Bureau | 29 Jun 2019 05:12 PM (IST)
World Cup 2019: के एल राहुल की ओपनिंग का जिम्मा संभालने पर विजय शंकर को नंबर 4 पोजिशन पर आजमाया जा रहा है.

World Cup 2019: इंग्लैंड में खेले जा रहे क्रिकेट वर्ल्ड कप में वैसे तो अब तक भारतीय टीम का विजयी अभियान जारी है. लेकिन लगातार जीत के बावजूद टीम इंडिया के सामने नंबर 4 पर बल्लेबाजी को लेकर समस्या बरकरार है. पिछले दो मैच में विजय शंकर को इस पोजिशन पर खेलने का मौका मिला, पर वह दोनों बार ही असफल साबित हुए. हालांकि केविन पीटरसन का मानना है कि शंकर इंग्लैंड के खिलाफ भारत को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. केविन पीटरसन ने विराट कोहली से विजय शंकर को टीम से ना निकालने की वकालत की है. पीटरसन ने कहा, ''टीम इंडिया से शंकर को बाहर करने के बारे में नहीं सोचना चाहिए क्योंकि शंकर इस अहम मुकाबले में भारत को जीत दिला सकते हैं.'' भारत और इंग्लैंड की टीम रविवार को यहां आमने-सामने होंगी. भारतीय टीम को जहां सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए एक अंक की जरूरत है वहीं इंग्लैंड को बेपटरी हुए आगे जाने के अभियान को पटरी पर लाने के लिए अपने अगले दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे. नम्बर-4 पर खेलते हुए विजय शंकर का प्रदर्शन स्तरीय नहीं रहा है और ऐसे में यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें आराम दिया जा सकता है. पीटरसन मानते हैं कि 28 साल के शंकर इंग्लैंड के खिलाफ अपनी प्रतिभा के साथ न्याय करेंगे. पीटरसन ने ट्वीट में लिखा, "विराट और रवि (शास्त्री), कृपया विजय को अगले मैच के लिए टीम से ड्रॉप न करें क्योंकि मेरी नजर में वह आपके लिए मैच जिताने वाला खिलाड़ी साबित हो सकते हैं." पीटरसन ने यह भी लिखा कि शिखर धवन के स्थान पर टीम में शामिल किए गए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अभी विश्व कप मुकाबले के लिए तैयार नहीं हैं. पीटरसन ने कहा, "पंत के बारे में मत सोचिए. उनके विश्व कप की तैयारी के लिए कम से कम तीन सप्ताह लगेंगे. इसके बाद ही वह अंतिम एकादश में शामिल होने की स्थिति में होंगे."