इंग्लैंड के 21 साल के बल्लेबाज ओली पोप इसी साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में टीम में अपनी जगह को आश्वस्त नहीं हैं. इंग्लैंड लायंस के साथ भारत दौर पर आए पोप ने कहा कि उनके इंग्लैंड की सीनियर टीम में जाने की संभावना बेहद कम है.
इंग्लैंड लायंस इस समय भारत में है जहां वह इंडिया-ए के साथ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी. पोप ने कहा, "हम इस समय वनडे में नंबर-1 टीम हैं. हमारी टीम लगभग पूरी तरह से सेट है और कुछ ही जगह खाली हैं. इसलिए मेरा अगला लक्ष्य आने वाली एशेज सीरीज है."
पोप ने पिछले साल भारत के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू किया था. पोप ने कहा, "इस समय मैं हर मौके का फायदा उठाने की ताक में हूं, जिसमें यह दौरा भी शामिल है ताकि मैं एशेज के लिए अपनी जगह पक्की कर सकूं. मेरा एक मात्र लक्ष्य अपने देश के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलना है."
पोप ने कहा कि वह श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरत (यूएई) में खेल चुके हैं और अपनी बल्लेबाजी में सुधार के लिए वह उप-महाद्वीप और खेलना चाहते हैं. उन्होंने कहा, "मैं सरे में अपने ट्रैनर माइकल डी वेनयूटो, एलेक्स स्टीवर्ट और विक्रम सोलंकी का शुक्रिया कहना चाहता हूं जिन्होंने मुझे सही तरह से निखारा जिनकी बदौलत मैं यहां तक पहुंच सका."