एडिलेड: शुक्रवार को पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच खेला जाना है. दूसरे टेस्ट से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया के कोट जस्टिन लैंगर ने प्लेइंग इलेवन को लेकर बड़ा बयान दिया है. जस्टिन लैंगर ने कहा है कि उनकी टीम शुक्रवार से पाकिस्तान के खिलाफ शुरू हो रहे दिन-रात टेस्ट मैच में अपने अंतिम एकादश में बिना किसी बदलाव के उतर सकती है. आस्ट्रेलिया ने पहला टेस्ट मैच पारी और पांच रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. लैंगर ने कहा, "सभी खिलाड़ियों ने ब्रिस्बेन में अच्छा प्रदर्शन किया और उन्होंने चार दिनों के अंदर ही मैच खत्म कर दिया." उन्होंने कहा, "हमने अभी तक विकेट नहीं देखा है. लेकिन मुझे लगता है कि हम संभवत: उसी अंतिम एकादश के साथ उतरेंगे." गाबा मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट मैच में स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने ज्यादा रन नहीं बनाए थे. हेड अब दूसरे टेस्ट मैच में अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलेंगे. कोच ने कहा, "अक्सर वह मुश्किल समय पर बल्लेबाजी करने आते हैं. वह अच्छा खेले, लेकिन दुर्भाग्यवश लेग साइड में आउट हो गए." वहीं 7 बार याशिर शाह का शिकार बन चुके स्मिथ ने कहा है कि इस बार उनकी पूरी कोशिश शाह को विकेट नहीं देने की होगी. अगर स्मिथ इस टेस्ट में ज्यादा रन बनाने में कामयाब नहीं होते हैं तो विराट कोहली उनको पछाड़कर आईसीसी रैंकिंग में नंबर 1 बन सकते हैं.