नई दिल्लीः टीम इंडिया से टक्कर लेने के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी 15 सिपाही चुन लिए हैं. जिसका अनुमान था कुछ वैसा ही हुआ. विराट के वीरों पर वार करने के लिए न्यूजीलैंड ने 3 हथियार के साथ मैदान पर उतरने का फैसला किया है. 

न्यूजीलैंड की रणनीति है उस जाल को बिछाने की जिसमें फंसा कर टीम इंडिया ने अक्सर विरोधी टीम को घुटने टेकने पर मजबूर किया है. 

न्यूजीलैंड के भारत दौरे के लिए 15 खिलाड़ियों का चुनाव हो चुका है और इस टीम में एक नहीं दो नहीं बल्कि तीन-तीन स्पिनर्स को जगह दी गई है. 

जिस तीन से तीखा वार करने की सोच रहा है न्यूजीलैंड वो हैं - मिचेल सेंटनर, इश सोढी और मार्क क्रेग. ये तीनों ही अलग-अलग तरह के गेंदबाज हैं. सैंटनर बाएं हाथ के स्पिनर हैं जबकि सोढ़ी लेग स्पिन करते हैं, वहीं मार्क क्रेग ऑफ स्पिनर हैं. 

पूर्व क्रिकेटर स्कॉट स्टाररिस ने पहले ही ऐसा इशारा कर चुके थे कि न्यूजीलैंड भारत में अपने स्पिनर के बल पर जीत हासिल करना चाहेगी.  

ये न्यूजीलैंड की भारत की घूमती पिचों पर 3 स्पिनर से दबाव डालने की कोशिश है. इसमें से इश सोढी और मिचेल सेंटनर को भारत में खेलने का अनुभव है. इन दोनों ने टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया अपनी फिरकी पर नचाया था. और दोनों ने मिलकर 7 विकेट अपने नाम किए थे..

वहीं मार्क क्रेग कभी भी भारत के खिलाफ नहीं खेले. इसलिए इनकी गेंदबाजी को पढ़ना आसान नहीं होगा. हालाकि इन युवा गेंदबाजों के दम पर न्यूजीलैंड जो सपना देख रहा है वो पूरा होता नजर नहीं आता. 

न्यूजीलैंड के स्पिनर्स में टेस्ट का अनुभव ज्यादा नहीं है. सैंटनर ने अबतक  सिर्फ 7 टेस्ट खेले और 29 की औसत से 15 विकेट हासिल किए. वहीं सोढी ने 13 टेस्ट में 35 विकेट पर कब्जा किया. मार्क क्रेग ने  सिर्फ 14 टेस्ट खेले हैं जिसमें उनके नाम 48 विकेट है. 

इनके कुल विकेट को जोड़ दें (98 विकेट) तो भी ये आर अश्विन के 193 से 95 विकेट कम है. 

न्यूजीलैंड ये भी जान ले कि भारत में टेस्ट खेलना अगल बात है और टी20 अलग. न्यूजीलैंड पिछले 28 साल से भारत में एक टेस्ट मैच तक नहीं जीत पाई है. लेकिन सपने सीरीज में टक्कर देने की देख रहे हैं. 

न्यूजीलैंड की टीम तो भारत के लिए टेस्ट का ताज लेकर आएगी. टीम इंडिया फिलहाल दूसरे पायदान पर है और न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैच की टेस्ट सीरीज 1-0 से भी जीते तो टीम इंडिया टेस्ट की बादशाह बन जाएगी.