सौजन्य: IPL (BCCI)
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की चयन समिति के अध्यक्ष एम.एस.के प्रसाद का कहना है कि भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी अब भी विश्व के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर हैं. प्रसाद का कहना है कि विराट कोहली के मार्गदर्शन के लिए इस समय धोनी सबसे सही खिलाड़ी हैं. प्रसाद ने कहा, "हमारा मानना है कि धोनी अब भी विश्व के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर हैं. हम अब भी उनकी बल्लेबाजी फॉर्म के बारे में बात कर रहे हैं. वह टीम के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं. किसी मुश्किल परिस्थिति से निकलने की बात हो, तो उनका अनुभव टीम के लिए जरूरी है. वह विराट कोहली का मार्गदर्शन करने वाले सबसे सही खिलाड़ी हैं." वर्तमान पर नजर डाली जाए, तो सीमित ओवरों वाले क्रिकेट प्रारूप में धोनी अपनी फॉर्म को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. पिछले साल जनवरी से खेले गए 13 एकदिवसीय मैचों में धौनी ने 34.07 की औसत से कुल 443 रन बनाए हैं. इस समय धोनी बल्लेबाजी के लिए चौथे या पांचवें नंबर पर उतरते हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 17 खिलाड़ियों में 10वें स्थान पर है. वर्तमान में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें सीज़न में धोनी ने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट के लिए अब तक कुल 235 रन बनाए हैं. हालांकि, इसके बावजूद प्रसाद का मानना है कि वह भारतीय टीम के लिए इस समय सब से सही विकल्प हैं. प्रसाद ने कहा, "कई लोगों ने इस बात पर नजर नहीं डाली है कि पिछले 10 या 12 साल में जब भी एक विकेटकीपर के तौर पर धोनी भारत के लिए खेले हैं, तो अच्छा प्रदर्शन किया है. हम उनकी प्रशंसा एक बल्लेबाज के तौर पर अधिक करते हैं, लेकिन किसी ने भी विकेटकीपर के तौर पर उनके प्रदर्शन पर अधिक ध्यान नहीं दिया. मेरे अनुसार, वह अब भी विश्व के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर हैं." 