मेलबर्नः श्रीलंका के खिलाफ अगले साल फरवरी में होने वाली तीन टी-20 मैचों की सीरीज के दौरान पूर्व सलामी बल्लेबाज जस्टिन लैंगर ऑस्ट्रेलियाई टीम के कोच होंगे. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने शुक्रवार को इस बात की घोषणा की. सीए के बयान के मुताबिक, लैंगर की नियुक्ति का फैसला गुरुवार को बोर्ड निदेशकों की बैठक में लिया गया. सीरीज ऑस्ट्रेलिया में ही 17 से 22 फरवरी के बीच खेली जाएगी. लैंगर इस सीरीज में मुख्य कोच डैरेन लेहमन का स्थान लेंगे. लेहमन श्रीलंका दौरे के बाद होने वाले भारत दौर पर टीम के साथ जुड़ेंगे. लैंगर इससे पहले जून में भी ऑस्ट्रेलिया के अंतिरम कोच का पदभार संभाल चुके हैं. उस वक्त भी लेहमन ने ब्रेक लिया था. लैंगर की नियुक्ति पर सीए के कार्यकारी महाप्रबंधक (टीम परफारमेंस) पैट हॉवर्ड ने कहा, "हम इस बात से खुश हैं कि लैंगर ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज के लिए अंतिरम कोच बनने के लिए हां कह दी है." उन्होंने कहा, "उनके पास एक खिलाड़ी और कोच के तौर पर अच्छा खासा अनुभव है." अपनी नियुक्ति पर लैंगर ने कहा, "मैं राष्ट्रीय टीम के साथ काम करने का हमेशा ही लुत्फ उठाता हूं. मैं दोबारा इस काम के लिए तैयार हूं."