Ishan Kishan Disappointed Despite Big Victory Against KKR: आईपीएल 2026 का छठा मैच सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच बीती रात यानी 2 अप्रैल को खेला गया. ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद को मिली शानदार जीत के बावजूद टीम के कप्तान ईशान किशन अपने खेलने के तरीके से निराश नजर आएं. उन्होंने कहा कि मैं अपने खेलने के तरीके से खुश नहीं हूं. हालांकि, कोलकाता के खिलाफ मिली शानदार जीत के बाद ईशान ने टीम के प्रदर्शन पर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने साफ किया कि ये जीत किसी एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरी टीम की एकजुटता और समर्पण का परिणाम है.
सनराइजर्स हैदराबाद की जीत के बावजूद निराश हैं किशन
सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी कर रहे ईशान किशन ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 9 गेंदों पर 14 रन बनाए. उन्होंने कहा, ‘मैं अपने खेलने के तरीके से खुश नहीं हूं, लेकिन टीम की समर्पण से बेहद खुश हूं. सभी खिलाड़ियों ने वही ऊर्जा दिखाई, जिसकी मैंने उनसे उम्मीद की थी. मुश्किल पिच होने के बावजूद हेड और अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी की. हमारे लिए पावरप्ले ने मैच को आसान बना दिया, क्योंकि हर बल्लेबाज को समय मिला.’
हर्ष दुबे-शिवांग कुमार की ईशान किशन ने की तारीफ
ईशान किशन ने बाएं हाथ के युवा स्पिनर हर्ष दुबे और शिवांग कुमार की जमकर तारीफ की, जिन्होंने दूसरे ओवर में ही खतरनाक फिन ऐलन को आउट किया था. उन्होंने कहा, ‘ये टीम प्रयास था. हम जानते हैं कि फिन खतरनाक हैं, लेकिन हर्ष ने शानदार गेंद डाली और हमें वो विकेट मिला. हर्ष दुबे घरेलू क्रिकेट में अच्छा कर रहे हैं और दबाव में शांत रहते हैं. शिवांग कुमार के बारे में भी कहना चाहूंगा, छोटा मैदान होने के बावजूद उन्होंने मेहनत का फल पाया.’ किशन ने पिच को लेकर कहा कि ईमानदारी से कहूं तो विकेट उतना आसान नहीं था, जितना स्कोर कार्ड से लग रहा था. उन्होंने विशेष रूप से ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की सराहना की, जिन्होंने पावरप्ले में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 82 रन जोड़े थे.
