ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वाटसन इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स से खेलने के लिए काफी उत्साहित हैं. सीएसके के साथ वाटसन इस बात को लेकर भी रोमांचित हैं कि उन्हें टूर्नामेंट के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेन्द्र सिंह धोनी के साथ खेलने का मौका मिलेगा. सीएसके की वेबसाइट के मुताबिक वाटसन ने कहा, ‘‘चेन्नई सुपर किंग्स का इतिहास शानदार रहा है और ऐसी महान फ्रेंचाइजी के लिए खेलना सम्मान की बात है. धोनी की कप्तानी में खेलने के बारे में सोच कर मैं रोमांचित हूं.’’ ऑस्ट्रेलिया का ये क्रिकेटर पहले सीजन से आठवें सीजन तक राजस्थान रॉयल्स के साथ था. टीम के बैन होने के बाद उन्हें रॉयल चैलेंजर बेंगलोर ने अपने साथ जोड़ा था. उन्होंने कहा कि चेन्नई से जुड़ने के बाद शुरूआत में यह थोड़ा अजीब सा होगा क्योंकि राजस्थान रॉयल्स की टीम सीएसके की बड़ी प्रतिद्वंद्वी रही है. वाटसन ने कहा, ‘‘सीएसके के साथ शुरूआत में यह थोड़ा अजीब सा होने वाला है क्योंकि सीएसके राजस्थान रॉयल्स की बड़ी प्रतिद्वंदियों में से एक थी. लेकिन इसमें ढलने में ज्यादा समय नहीं लगेगा.’’ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 2016 में संन्यास लेने वाले 36 साल के वाटसन ने हाल में बिग बैश लीग में सिडनी थंडर के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा, ‘‘सीएसके की कोई भी टीम जिसमें धोनी, (सुरेश) रैना और (रविन्द्र) जडेजा जैसे खिलाड़ी हो वह हमेशा शानदार होगी और हमेशा अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे. वाटसन ने आईपीएल के 102 मैच में 138.65 की स्ट्राइक रेट से 2,622 रन बनाने के अलावा 21.63 की औसत से 86 विकेट भी लिए हैं.
IPL 2018: धोनी की कप्तानी में खेलने को लेकर रोमांचित हैं वाटसन
ABP News Bureau | 12 Feb 2018 03:42 PM (IST)
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वाटसन इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स से खेलने के लिए काफी उत्साहित हैं. सीएसके के साथ वाटसन इस बात को लेकर भी रोमांचित हैं कि उन्हें टूर्नामेंट के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेन्द्र सिंह धोनी के साथ खेलने का मौका मिलेगा.
