World Cup 2019: भारतीय खिलाड़ी इस वजह से कर रहे परेशानी का सामना
Agencies | 01 Jul 2019 05:40 PM (IST)
World Cup 2019: खिलाड़ियों का कहना है कि उन्हें भी निजता बनाए रखने की जरूरत होती है, लेकिन फैंस इस बात को समझ नहीं पाते हैं.

World Cup 2019: इंग्लैंड में खेले जा रहे विश्व कप-2019 में आईसीसी के सुरक्षा नियमों को लेकर टीम इंडिया के खिलाड़ी परेशानी का सामना कर रहे हैं. भारतीय टीम को कई बार फैंस के अति उत्साह के कारण दिक्कत का सामना करना पड़ा है जिससे उन्हें अपना काम करने में परेशानी आती है. वर्ल्ड कप के दौरान ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां फैंस ने सुरक्षा तोड़ते हुए खिलाड़ियों के साथ सेल्फी और ऑटोग्राफ लेनी चाही. आईसीसी के नियमों के कारण भारतीय टीम प्रबंधन को इससे निपटने में दिकक्त आई है. सूत्र के मुताबिक, "आईसीसी के नियमों के अनुसार, सुरक्षा ऐसी होनी चाहिए कि वो दिखे नहीं. लेकिन, टूर्नामेंट के मौजूदा हालात को देखकर ऐसा जरूरी हो गया है कि सुरक्षा कर्मी का अस्तित्व नजर आए क्योंकि टीम होटल के पास कई फैंस खड़े रहते हैं." भारतीय टीम का डर भी अपनी तरफ से सही है क्योंकि हाल ही में टीम होटल में ऐसा वाकया हुआ था जहां उत्साहित फैंस ने खिलाड़ियों की फोटो लेनी शुरू कर दी और बिना इजाजत उनकी निजता में दखल दिया. एक खिलाड़ी ने कहा, "हम समझते हैं कि जब हम अच्छा करते हैं तो लोग हमें पहचानने लगते हैं और एक समय वह हमारे साथ फोटो लेना चाहते हैं या ऑटोग्राफ लेना चाहते हैं. कोई भी उनकी इच्छा पर सवाल नहीं कर रहा है, लेकिन हम भी इंसान हैं और हमें भी निजता की जरूरत है. हम भी जब बच्चे थे तो हम भी ऑटोग्राफ के लिए जाते थे और जब नहीं मिलता थो हमें निराशा होती थी, लेकिन कई बार ऐसा समय होता है कि जब आप फोटो खिंचवाने के मूड में नहीं होते हैं और तब फैंस को बुरा लगता है और वो अपनी राय बना लेते हैं." पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बीते शनिवार को हुए मैच के दौरान दोनों टीमों के प्रशंसकों की झड़प इस बात का एकदम सटीक उदाहरण है. इससे साफ होता है कि भारतीय टीम की चिंता क्यों जायज है और क्यों आईसीसी को इस मामले में दखल देते हुए केवल मैदान पर ही नहीं बल्कि टीम के होटल के आसपास भी सुरक्षा कड़ी करनी चाहिए.