IND VS ENG 2nd T20 Weather Report: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार, 25 जनवरी को चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता में खेला गया था. भारत को इस मैच में सात विकेट से जीत मिली थी. भारतीय टीम चाहेगी कि वो यह मुकाबला जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ले, वहीं इंग्लैंड इस मैच को जीतकर सीरीज को बराबर करना चाहेगी. अगर मैच के दौरान चेन्नई के मौसम की बात करें तो यह खिलाड़ियों का पूरा साथ दे सकता है. 

चेन्नई में कुछ ऐसा रहेगा मौसम का हाल

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले के मौसम की बात करें तो फैंस के लिए खुशखबरी है. शनिवार को बारिश की बिल्कुल भी आशंका नहीं है. चेन्नई का मौसम अधिकतर गर्म रहता है. लेकिन शनिवार को मौसम में थोड़ी नमी रह सकती है. तापमान की बात करें तो यह 23 डिग्री से लेकर 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

टीम में हो सकती है मोहम्मद शमी की वापसी

भारतीय टीम ने पहले मुकाबले में बगैर मोहम्मद शमी के इंग्लैंड को आसानी से धूल चटा दी थी. अर्शदीप सिंह की अगुवाई में भारत के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड के बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल दिया था. चेन्नई में खेले जानें वाले इस मुकाबले में मोहम्मद शमी की वापसी हो सकती है. भारत ने पहले मैच में अर्शदीप सिंह के रूप में सिर्फ एक स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाज खिलाया था. भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी से पहले शमी से गेंदबाजी करा के उनका मैच फिटनेस टेस्ट करना चाहेगी. हालांकि जिस तरह से कोलकाता में भारत ने स्पिनर्स खिलाए थे, उसी तरह चेन्नई में भी देखने को मिले तो हैरानी नहीं होगी. चेन्नई के एम ए चिदंबरम की पिच हमेशा स्पिनरों के लिए मददगार साबित होती है. ऐसे में वाशिंगटन सुंदर को भी नीतीश कुमार रेड्डी की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है. 

यह भी पढ़ें: IND vs ENG 2nd T20: भारत के खिलाफ हार के बाद इंग्लैंड ने दूसरे टी20 के लिए बदली प्लेइंग 11, जानें किसे किया बाहर