मुंबई: कुछ हैरानी भरे फैसले नहीं होते हैं तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट की आगामी सीरीज के लिए चयनकर्ताओं की उसी 16 सदस्यीय टीम को बरकरार रखने की संभावना है जिसने बांग्लादेश को एकमात्र टेस्ट में 208 रन से शिकस्त दी.

 

इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज के दौरान चोटिल हुए बंगाल के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की उपलब्धता को लेकर कोई जानकारी नहीं है और ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ चुने गए चार सदस्यीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को बरकरार रखा जा सकता है.

 

शुरूआत में टीम में चुने गए लेग स्पिनर अमित मिश्रा के चोटिल होने के कारण उनकी जगह टीम में चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को शामिल किया है और उन्हें भी टीम में बनाये रखने की उम्मीद है.

 

बोर्डर-गावस्कर सीरीज का पहला टेस्ट 23 फरवरी से पुणे में खेल जाएगा जबकि बाकी तीन टेस्ट बेंगलुरू (चार से आठ मार्च), रांची (16 से 20 मार्च) और धर्मशाला (25 से 29 मार्च) में होंगे.

 

ऑस्ट्रेलियाई टीम स्टीव स्मिथ की अगुआई में आज यहां पहुंची और चार टेस्ट की सीरीज से पहले हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली भारत ए के खिलाफ 17 से 19 फरवरी तक ब्रेबोर्न स्टेडियम में अभ्यास मैच खेलेगी.