BCCI ने टीम इंडिया को दिए 131 करोड़, किस किसको मिलेगा ये पैसा? जानें
BCCI Prize Money Team India: टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद टीम इंडिया को 27.48 करोड़ की प्राइज मनी मिली थी. अब BCCI ने टीम इंडिया को उससे 4 गुना ज्यादा इनामी राशि भेंट की है.

रविवार, 8 मार्च को भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रचा था. फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया. इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया को 27.48 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली थी. अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अलग से टीम इंडिया को 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने का एलान किया है.
जब भारतीय टीम ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती थी, तब बीसीसीआई ने टीम इंडिया को 125 करोड़ रुपये का इनाम दिया था. इस बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया को पिछली बार से 6 करोड़ रुपये अधिक मिले हैं. मगर ये पैसा किन लोगों में बंटेगा, यहां जान लीजिए इसकी पूरी जानकारी.
किस किसको मिलेगा पैसा?
बीसीसीआई द्वारा मिली यह इनामी राशि खिलाड़ियों, कोच और अन्य स्टाफ में बांटी जाती है. रिपोर्ट्स अनुसार सबसे बड़ा हिस्सा टीम के खिलाड़ियों को जाता है और बाकी की रकम कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं में बांट दी जाती है. आपको याद दिला दें कि पिछले साल जब भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था, तब भी बीसीसीआई ने 58 करोड़ रुपये का अवॉर्ड देने की घोषणा की थी. वहीं जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 ODI वर्ल्ड कप का खिताब जीता तो टीम इंडिया को 51 करोड़ रुपये का इनाम मिला था.
एमएस धोनी, रोहित शर्मा और अब सूर्यकुमार
अब तक तीन कप्तानों के अंडर टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती है. सबसे पहले 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में, फिर 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में और अब भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती है. एमएस धोनी की ही कप्तानी में टीम इंडिया ने 2014 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था, लेकिन उस समय फाइनल में श्रीलंका ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी. इस तरह भारत ने टी20 वर्ल्ड कप की तीन ट्रॉफी अपने नाम कर ली हैं.
Source: IOCL



















