भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ (Mohammad Kaif ) का मानना है कि श्रीलंका दौरा भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) के लिए सिर्फ एक बल्लेबाज के तौर पर नहीं, बल्कि कप्तान के रूप में भी बड़ी परीक्षा साबित होगा. अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कैफ ने भारतीय टीम की ताकत, कमजोरियों और श्रीलंका के खिलाफ संभावित चुनौतियों पर विस्तार से अपनी राय रखी.

Continues below advertisement

कैफ ने कहा कि शुभमन गिल इस समय शानदार बल्लेबाजी फॉर्म में हैं और उनका प्रदर्शन अपने चरम पर है. हालांकि, एक कप्तान के तौर पर विदेशी सरजमीं पर टीम को जीत दिलाना उनके लिए असली चुनौती होगी. उनका मानना है कि इस पूरी टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल का विकेट टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है, क्योंकि मौजूदा समय में वह भारतीय बल्लेबाजी क्रम की सबसे मजबूत कड़ी हैं.

श्रीलंका के स्पिनर्स बन सकते हैं भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती

मोहम्मद कैफ के अनुसार भारतीय बल्लेबाजों के सामने सबसे बड़ी चुनौती श्रीलंका के स्पिन आक्रमण का सामना करना होगा. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम हाल के समय में अपनी ही सरजमीं पर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करती नजर आई है. ऐसे में श्रीलंका का कोचिंग स्टाफ इस कमजोरी से अच्छी तरह वाकिफ होगा और निश्चित रूप से उसे भुनाने की कोशिश करेगा.

Continues below advertisement

कैफ ने खास तौर पर श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या को मेजबान टीम का सबसे बड़ा ट्रंप कार्ड बताया. उनका कहना है कि जयसूर्या भारतीय बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ले सकते हैं, इसलिए टीम इंडिया को उनके खिलाफ बेहद सतर्क रहने की जरूरत होगी.

इंग्लैंड सीरीज के बाद मिला ब्रेक करेगा मदद

पूर्व भारतीय बल्लेबाज का मानना है कि इंग्लैंड सीरीज के बाद भारतीय खिलाड़ियों को पर्याप्त ब्रेक मिला है, जिसका फायदा उन्हें श्रीलंका दौरे पर मिलेगा. कैफ ने कहा कि कई बार लगातार सीरीज खेलने की वजह से खिलाड़ियों को नई परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता, लेकिन इस बार टीम को तैयारी के लिए अच्छा समय मिला है.

रवींद्र जडेजा की वापसी से मिलेगा बड़ा सहारा

कैफ ने रवींद्र जडेजा की वापसी को भारतीय टीम के लिए बड़ी राहत बताया. उनके मुताबिक जडेजा अपने अनुभव से शुभमन गिल की कप्तानी को मजबूती देंगे. उन्होंने कहा कि जडेजा मौजूदा समय में टेस्ट क्रिकेट के नंबर-वन ऑलराउंडर हैं. वह स्पिन के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी कर सकते हैं, उनकी गेंदबाजी बेहद सटीक है और फील्डिंग हमेशा की तरह शानदार रहती है. ऐसे में श्रीलंका जैसी परिस्थितियों में उनकी भूमिका बेहद अहम होगी.

आकिब नबी और सारांश जैन को पहले टेस्ट में मौका मिलना मुश्किल

श्रीलंका दौरे के लिए चुने गए युवा खिलाड़ियों आकिब नबी और सारांश जैन को लेकर भी मोहम्मद कैफ ने अपनी राय रखी. उनका मानना है कि पहले टेस्ट मैच में इन दोनों खिलाड़ियों को अंतिम एकादश में जगह मिलना मुश्किल दिखाई देता है. टीम प्रबंधन शुरुआती मुकाबले में अनुभवी खिलाड़ियों पर ही भरोसा जता सकता है.

वैभव सूर्यवंशी दिलीप ट्रॉफी का सबसे बड़ा आकर्षण होंगे

मोहम्मद कैफ ने दिलीप ट्रॉफी में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के चयन पर भी खुशी जताई. उन्होंने कहा कि वैभव का चयन क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा करेगा. उनके मुताबिक बड़ी संख्या में प्रशंसक वैभव सूर्यवंशी को खेलते देखने के लिए मैदान का रुख करेंगे और यह युवा खिलाड़ी टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण बन सकता है.

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी क्रिकेटर पर लगा 2 साल का बैन, जानिए क्यों मिली इतनी बड़ी सजा