नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के बाद भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा वापस अपनी काउंटी टीम यॉर्कशायर से जुड़ गए. काउंटी में शानदार अबतक शानदार प्रदर्शन करने वाले पुजारा की वापसी कुछ खास नहीं रही.
लगभग 8,200 किलोमीटर का सफर तय कर साउथम्प्टन पहुंचे पुजारा अपनी टीम यॉर्कशायर के लिए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे लेकिन वो महज चार गेंद का सामना कर आउट हो गए. रॉयल लंदन वन डे कप में तीन अर्द्धशतक और एक शतक लगाने वाले पुजारा बिना खाता खोले पवेलियन वापस लौटे.
आपको बता दें कि पुजारा को अगस्त में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है. रॉयल लंदन वन डे कप में पुजारा जिस तरह से आउट हुए उसे देखते हुए भारतीय टीम की चिंता बढ़ सकती है.
पुजारा को लंबे समय बाद क्रिकेट में वापसी करने वाले साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने आउट किया. स्टेन भारत के खिलाफ इसी साल जनवरी में टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे. स्टेन रॉयल लंदन वन डे कप में हैम्पशायर के लिए अबतक तीन मैच खेल चुके हैं.
इससे पहले यॉर्कशायर ने टॉस जीतकर हैम्पशायर को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था. कप्तान जेम्स विन्स की 171 रनों की शानदार पारी के4 दमपर हैम्पशायर ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 348 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इस विशाल लक्ष्य के जवाब में यॉर्कशायर की टीम 43.4 ओवर में 241 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
फाइनल मुकाबले में अब हैम्पशायर का सामना केंट के साथ होगा.