नई दिल्ली/कोलकाता: मोहम्मद शमी पर लगातार हमले कर रही हसीन जहां ने आज मीडिया के सामने आकर मोहम्मद शमी का पर्दाफाश होने की बात कही है. हसीन ने ये बात अलिश्बा के सामने आने को लेकर कही है. साथ ही हसीन ने ये भी कहा कि अलिश्बा, शमी की गर्लफ्रेंड या कोई प्रोसटीट्यूट है.

आपको बता दें कि लगातार हसीन जहां के गंभीर आरोपों के बाद देश के सामने मिस्ट्री बनी हुई पाकिस्तानी लड़की अलिश्बा बीते दिन मीडिया के सामने आकर अपनी बात रखी है. जिसके जवाब में हसीन जहां ने आज कहा कि अलिश्बा मोहम्मद शमी की गर्लफ्रेंड या प्रोसटीट्यूट है. इसके बाद हसीन ने कहा कि 'अगर कोई लड़की अपने घर से छुपते-छुपाते किसी मर्द से मिलती है और उसके साथ गंदगी करती है तो उसका क्या वजूद है. वो एक गंदी औरत है और मेरा घर गंदा करने आई थी. शमी और अलिश्बा दुबई में गंदगी करने के लिए मिले थ.'

हालांकि अलिश्बा पर नए-नए इल्ज़ाम लगाने के बाद हसीन ने शमी पर भी एक बार फिर से निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 'शमी ने बहुत सारी लड़कियों के साथ गंदगी की है. अलिश्बा का सच भी सच है, मंजू का सच भी सच है, मैथ्यू का सच भी सच है, शबनाज़ का सच भी सच है और तुबा का सच भी सच है. बाकी सब इनवेस्टीगेशन से भी पता चल जाएगा कि कितना सच है और क्या सच है.' 

BCCI ने कोलकाता पुलिस को सौंपी रिपोर्ट, 17-18 फरवरी को दुबई के होटल में थे शमी

इसके साथ ही अलिश्बा के जवाब पर हमला करते हुए हसीन ने कहा, 'शमी ने कहा था कि उसके सारे सोशल मीडिया मैं चलाती हूं. अगर शमी का इंस्टाग्राम मैं चलाती हूं तो इसके बारे में मुझे जानकारी होनी चाहिए, शमी को कैसे इसकी जानकारी हुई. तो फिर अलिश्बा शमी की फैन कैसे हो गई.' आपको बता दें कि अलिश्बा ने कहा था कि उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए शमी से दोस्ती की है.

हसीन जहां ने आज कोलकाता के लाल बाज़ार थाना पुलिस से भी ये आग्रह किया और कहा, 'अब शमी और उसके परिवारवालो को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए क्योंकि अलिश्बा का सामने आने का मतलब है मेरी सच्चाई का सामने आना.' 

इसके साथ ही हसीन जहां ने आज एक बार फिर से बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी के नाम का ज़िक्र करते हुए कहा कि 'मैंने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए एक लेटर दिया है. देखती हूं कि कब मुझे मैडम टाइम देती हैं.'

इसके साथ ही हसीन जहां ने कहा, 'मोहम्मद शमी सेलीब्रिटी का टैग लगाकर एंजॉय कर रहा है. इस गंदगी को रोकने के लिए मेरा साथ दीजिए, इस चीज़ के लिए आवाज़ उठानी ज़रूरी है. आगे भी इसी तरह से लड़किया अपनी इज्जत गंवाकर बर्बाद हो जाएंगी. इसे रोका जाना ज़रूरी है.' हसीन जहां ने ये भी कहा कि 'अब ये लड़ाई एक औरत की इज़्जत और सम्मान की लड़ाई है.'

आपको बता दें कि हसीन जहां ने मोहम्मद शमी को लेकर इसी महीने की छह तारीख को एक्स्ट्रा मैरीटियल अफेयर से लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. हसीन ने शमी और उनके घरवालों के खिलाफ आईपीसी की कई संगीन धाराओं में कोलकाता के लाल बाज़ार थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई है.

जिसके बाद बीसीसीआई ने भी मोहम्मद शमी को अपने सेन्ट्रल कॉन्ट्रेक्ट से बाहर कर दिया और उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी है. कोलकाता पुलिस और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की एंटी करप्शन विंग लगातार इस मामले में शमी, उनके परिवारवालो और हसीन जहां से पूछताछ कर रही है.