नई दिल्ली: टीम इंडिया के दिग्गज स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह का मानना है कि भारत की गेंदबाजी कोच के पद के लिए जहीर खान सबसे बेहतर विकल्प हो सकते हैं. हरभजन ने अपनी ये राय एक ट्विट के जरिए जाहिर की है.

हरभजन ने अपने ट्विटर पर लिखा, “मेरी राय में भारत की तेज गेंदबाजी कोच के रूप में जहीर खान सबसे बेहतर विकल्प हो सकते हैं.” हरभजन की इस ट्वीट के बाद से जहीर के नाम को लेकर काफी गहमा गहमी शुरू हो गई है.

जहीर खान के करियर पर नजर डाले तो वे इस पद के लिए सटीक बैठते हैं. ज़हीर ने भारत की ओर से 200 वनडे और 92 टेस्ट मैच खेले हैं. वनडे में जहीर ने 282 विकेट चटकाएं हैं तो वहीं टेस्ट में उनके नाम 311 विकेट हैं. इसके अवाला जहीर खान ने अब तक 138 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें करीब साढ़े सात की औसत से 139 विकेट अपने नाम किए हैं.

आपको बता दें कि आईपीएल में जहीर खान दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान हैं. उनकी टीम आईपीएल सीज़न-10 में कुछ ज्यादा कमाल तो नहीं दिखा पाई लेकिन उनके प्रदर्शन को सभी ने सराहा है. इस साल उन्होंने 11 मैचों में 10 विकेट हासिल किए हैं.

ज़हीर खान भारत के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं. इस साल आईपीएल में भी उन्होंने अपनी स्विंग गेंदबाजी से सबको चौंका दिया था. जहीर के प्रदर्शन और उनकी काबीलियत को देखते हुए हरभजन की इस बात में दम नजर आ रहा है.

चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले अगर टीम इंडिया को जहीर खान के रूप में एक तेज गेंदबाज कोच मिलता है तो टीम के तेज़ गेंदबाजों के लिए ये अच्छी खबर हो सकती है.