भारत के पूर्व ओपनर बल्लेबाज और राष्ट्रीय चयनकर्ता वीबी चंद्रशेखर का गुरुवार को चेन्नई में दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया. तमिलनाडु के इस पूर्व बल्लेबाज का छह दिन बाद 58वां जन्मदिन था. उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं.
चंद्रशेखर ने 1988 से 1990 के बीच भारतीय टीम के लिए सात वनडे मैच खेले थे. वनडे क्रिकेट में उन्होंने 88 रन बनाए जिसमें उनका सार्वधिक स्कोर 53 रन का है. वनडे के अलावा उन्हें राष्ट्रीय टीम में टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिला.
हालांकि घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा. वीबी चंद्रशेखर 81 फर्स्ट क्लास और 41 लिस्ट ए मैच खेले. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 43.09 की औसत से 4999 रन बनाए जिसमें उनका सार्वधिक स्कोर नाबाद 237 रनों का है.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 23 अर्द्धशतक और 10 शतक भी जमाए.
वहीं लिस्ट ए में वीबी चंद्रशेखर ने 26.32 की औसत से 1053 रन बनाए. लिस्ट ए में उनका सार्वधिक स्कोर 88 रनों का है. लिस्ट ए में उन्होंने कुल 7 अर्द्धशतक लगाए.
वीबी चंद्रशेखर के निधन की खबर सुनकर भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने दुख जताया. रैना ने ट्वीट कर लिखा, वीबी चंद्रशेखर सर के निधन के बारे में सुनकर बेहद दुखी और स्तब्ध हूं.''
