हमेशा की तरह एक बार फिर पाकिस्तान का इंग्लैंड दौरा विवादों में आ गया है. लॉर्ड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन ही आईसीसी की एंटी करप्शन टीम ने मोर्चा संभाल लिया और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के हाथों से स्मार्ट वॉच उतरवा लिए गए.
आपको बता दें कि टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को पाकिस्तान के दो खिलाड़ी असद शफीक और बाबर आजम ऐपल की स्मार्ट वॉच पहनकर खेलने उतरे थे. यह बात आईसीसी की एंटी करप्शन यूनिट के अधिकारियों को खटक गई. मैच के दौरान ही उनसे बात की गई और उन्हें स्मार्ट वॉच उतारने के लिए कहा गया.
जिसके बाद आईसीसी ने अधिकारियों पर खेल के दौरान मैदान पर और ड्रेसिंग रूम में किसी भी तरह की कम्युनिकेटिव गैजेट खासतौर पर ‘ स्मार्ट वाच ’ के इस्तेमाल पर रोक लगा दी.
आईसीसी ने पुष्टि की कि खिलाड़ी और मैच अधिकारियों के क्षेत्र (पीएमओए) दिशानिर्देशों के अंतर्गत मैदान में और पीएमओए के लिए बनाए गए एरिया में ‘ स्मार्ट वॉच ’ पहनने को अनुमति नहीं दी जाएगी.
आईसीसी ने कहा , ‘‘पीएमओए में कम्युनिकेटिव गैजेट पर रोक होगी और किसी भी खिलाड़ी को इस तरह संवाद उपकरणों को रखने या इनके इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जायेगी जो इंटरनेट से जुड़े हों. ’’
खेल की संचालन संस्था ने कहा , ‘‘स्मार्ट वॉच जो फोन से या वाई - फाई या फिर किसी भी उपकरण से संचार हासिल कर सकती हो, उसके इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसलिए हम सभी खिलाड़ियों को याद दिलायेंगे कि उन्हें मैच के दिन मैदान पर प्रवेश करते ही इस तरह के उपकरणों को अपने मोबाइल के साथ सौंप देना चाहिए.’’
मैच फिक्सिंग के किसी भी तरह के आरोपों से बचने के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लॉर्ड्स में पहले टेस्ट के दौरान स्मार्ट वॉच पहनने से रोकने के एक दिन बाद यह कदम उठाया गया है.
आईसीसी खिलाड़ी को मैदान पर किसी भी संचार के उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं देता और यह बात ड्रेसिंग रूम में भी लागू होती है. अधिकिारियों को विशेष उपकरण इस्तेमाल के लिये दिये जाते हैं जिससे वे अपने साथियों के साथ बातचीत कर सकते हैं.
यहां इस बात का जिक्र किया जा सकता है कि टीवी कैमरों में भारतीय कप्तान विराट कोहली को पिछले साल नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान डगआउट में बैठकर वाकी - टॉकी पर बात करते हुए देखा गया था.
आपको बता दें कि 2010 में लॉर्ड्स टेस्ट में ही पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट, तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर और मोहम्मद आसिफ पर स्पॉट फिक्सिंग की थी.
