England Squad For PAK Test Series: इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार (06 अगस्त) को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के शुरुआती 2 मुकाबलों के लिए 16 सदस्यीय स्क्वॉड का एलान कर दिया है. बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद यह इंग्लैंड की पहली टेस्ट सीरीज है, जिसमें नए कप्तान जो रूट कमान संभालते हुए नजर आएंगे. टीम में 4 खिलाड़ियों की वापसी हुई है. इंग्लैंड की सरजमीं पर खेली जाने वाली सीरीज की शुरुआत 19 अगस्त से होगी. 

Continues below advertisement

टीम में डैन लॉरेंस, ओली पोप, ब्रायडन कार्स और सैम कुक के रूप में 4 खिलाड़ी वापस लौटे हैं. काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन वन में लीडिंग रन स्कोरर डैन लॉरेंस को टीम में दोबारा मौका दिया गया है. सैम कुक ने पिछली गर्मियों में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक टेस्ट खेला था. वहीं, ब्राइडन कार्स और ओली पोप की ऑस्ट्रेलिया में पिछली सर्दियों में हुई एशेज सीरीज के बाद वापसी हो रही है. 

जैकब बेथल इंजरी ने बढ़ाई टेंशन 

ऑलराउंडर जैकब बेथल को पिछले महीने भारत के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में घुटने की इंजरी हुई थी, जिसके चलते वह पूरी पाकिस्तान टेस्ट सीरीज से बाहर रहेंगे. बेथल की जगह जॉर्डन कॉक्स खेलते हुए दिखाई देंगे. कॉक्स ने इस गर्मी की शुरुआत में किआ ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था.

सीरीज का पहला टेस्ट लीड्स के हेडिंग्ले में खेला जाएगा. दूसरा टेस्ट लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर होगा. तीसरा और आखिरी टेस्ट बर्मिंघम एजबेस्टन में खेला जाएगा.

पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड का स्क्वॉड (शुरुआती 2 टेस्ट के लिए)

जो रूट (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्स, सैम कुक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, डैन लॉरेंस, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, जेमी स्मिथ, जोश टोंग.

इंग्लैंड-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज शेड्यूल 

पहला टेस्ट: 19 अगस्त से, हेडिंग्ले (लीड्स)

दूसरा टेस्ट: 27 अगस्त से, लॉर्ड्स (लंदन)

तीसरा टेस्ट: 09 सितंबर से, एजबेस्टन (बर्मिंघम)

 

यह भी पढ़ें: अमृता फडणवीस और क्रिकेटर तिलक वर्मा के बीच बातचीत का वीडियो वायरल