दुबई: दक्षिण अफ्रीका के कार्यवाहक कप्तान फाफ डुप्लेसिस पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद(आईसीसी) ने गेंद से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. आईसीसी ने बयान में पुष्टि की है कि हाल में ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की जीत के दौरान टीम की अगुआई करने वाले डुप्लेसिस पर आईसीसी की आचार संहिता के नियम 2.2.9 के उल्लंघन आरोप लगाया गया है जो गेंद की स्थिति में बदलाव करने से संबंधित है.

 

आईसीसी ने बयान में कहा, ‘‘टेलीविजन फुटेज देखने के बाद लगता है कि मंगलवार को खत्म हुए दूसरे टेस्ट के चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डुप्लेसिस गेंद पर कृत्रिम चीज लगा रहे हैं जिसके बाद उन पर आईसीसी आचार संहिता के नियम 2.2.9 के उल्लंघन का आरोप लगा है.’’ 

 

इस मामले में डुप्लेसिस पर मैच फीस का 50 या 100 प्रतिशत काटा जा सकता है या फिर एक टेस्ट मैच के लिए निलंबित भी किया जा सकता है या ये दोनों प्रावधान एक साथ लगाए जा सकते हैं.

 

आईसीसी के नए नियम मुताबिक डुप्लेसिस पर डिमेरिट पॉइंट्स के आधार पर भी कार्यवाई की जाने की संभावना है. आईसीसी के आचार संहिता के मुताबिक डुप्लेसिस पर 3 से 4 डिमेरिट पॉइंट्स के तहत कार्यवाई की जा सकती है जो कि मैच के दौरान नियमों के उल्लंघन के लिए दिया जाने वाला दंण्ड है.

 

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड रिचर्डसन ने आचार संहिता के नियम 3.1.3 के तहत अपने अधिकार का इस्तेमाल करते हुए यह आरोप लगाए हैं. डुप्लेसिस ने दोष स्वीकार करने से इनकार किया है और ऐसे में आईसीसी मैच रैफरी के एलीट पैनल के एंडी पाइक्राफ्ट मामले की सुनवाई करेंगे.

 

 

यह कथित घटना मंगलवार सुबह हुई थी जब टीवी फुटेज में लगा कि गेंद की स्थिति बदलने के लिए डुप्लेसिस गेंद पर लार लगा रहे हैं जो मिंट या टाफी खाने से बनी जो कृत्रिम पदार्थ है.