हरारेः तीन वनडे और तीन टी 20 सीरीज खेलने जिम्बाब्वे पहुंची टीम इंडिया वनडे में क्लीन स्वीप के बाद टी 20 के लिए तैयार है. टी 20 सीरीज शुरु होने से पहले पूरी टीम इंडिया गुरुवार को हरारे में इंडिया हाउस पहुंची. टीम इंडिया के लिए यहां डिनर पार्टी का आयोजन किया गया था. जहां करीब 200 से अधिक लोग मौजूद थे.
धोनी ने यहां अपने दिल की बात की. इस पार्टी में कप्तान धोनी ने अपने लोगों के बीच दिल को छू लेने वाली बातें
कहीं. धोनी ने पहले अपने अनुभव के बारे में बात की. ज़िम्बाब्वे में अपने अनुभव के बारे में उन्होंने कहा," ये मेरे लिए बहुत ही ख़ास जगह है. भारतीय टीम में जगह बनाने से पहले 2004 में मैं यहाँ आया था और उस दौरे के प्रदर्शन के कारण मुझे भारतीय टीम में जगह बनाने में मदद मिली. मैं यहाँ तीसरी बार आया हूँ और मुझे यहाँ आकर काफी अच्छा लगता है."
अपने अनुभव को मौजूदा टीम से जोड़ते हुए धोनी ने कहा कि मेरे पीछे जो खिलाड़ी खड़े हैं वो नए हैं. जिम्बाब्वे दौरे में हम नए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को समझने का मौका देते हैं. आज आप जिनसे आज मिल रहे हैं वो भविष्य के स्टार हैं क्या पता जब वो अगली बार यहां आए तो बड़े स्टार बन चुके हों.
आपको बता दें कि 2004 में साईराज बहुतुले की कप्तानी में धोनी इंडिया ए की टीम के साथ केन्या और ज़िम्बाब्वे के दौरे पर आये थे. उस दौरे पर उन्होंने पाकिस्तान 'ए' के खिलाफ दो लगातार शतक के अलावा एक अर्धशतक भी लगाया था. इस प्रदर्शन के कारण धोनी को दिसम्बर में बंगलदेश के दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह मिली थी.
