वड़ोदरा: सौराष्ट्र के निचले क्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से 276 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का सामना करने के लिये उतरे दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी लीग मैच के तीसरे दिन कप्तान गौतम गंभीर और अनुभवी शिखर धवन सहित चोटी के चार विकेट गंवा दिये.
दिल्ली ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 109 रन बनाये और वह लक्ष्य से अब भी 167 रन पीछे है. उसका दारोमदार बेहतरीन फॉर्म में चल रहे ऋषभ पंत पर टिका हुआ है जो 19 रन बनाकर खेल रहे हैं. उनके साथ दूसरे छोर पर खड़े मिलिंद कुमार ने आठ रन बनाये हैं.
पहली पारी में 92 रन पर आउट होने वाले सौराष्ट्र ने अपनी दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की और 420 रन बनाये. उसने सुबह पारी पांच विकेट पर 234 रन से आगे बढ़ायी. किशन परमार (149) तो अपने कल के स्कोर में केवल आठ रन जोड़कर नवदीप सैनी की गेंद पर बोल्ड हो गये लेकिन अर्पित बासवदा (89) और जयदेव उनादकट (80) ने आठवें विकेट के लिये 135 रन जोड़कर दिल्ली के गेंदबाजों को निराश किया.
दिल्ली की तरफ से सैनी सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 122 रन देकर तीन जबकि नितीश राणा ने 33 रन देकर दो विकेट लिये. मनन शर्मा, पुलकित नारंग, प्रदीप सांगवान और सुमित नारवाल ने एक-एक विकेट लिया. भारतीय टीम में वापसी की कवायद में लगे धवन फिर से नाकाम रहे और केवल 16 रन बनाकर कौशांग पटेल की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे.
कप्तान गंभीर (34) भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाये. शौर्य सननडिया (39 रन देकर तीन विकेट) ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट करने के बाद राणा (10) और उन्मुक्त चंद (11) को अपने एक ओवर में पवेलियन भेजकर दिल्ली के खेमे में खलबली मचा दी. दिल्ली के लिये यह मैच काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें हारने पर वह नाकआउट की दौड़ से बाहर हो जाएगा. दिल्ली के अभी सात मैचों में 21 अंक हैं और वह चौथे स्थान पर है.