वेस्टइंडीज के विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज क्रिस गेल ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद कहा कि उन्होंने अभी तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा नहीं की है. तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को भारत के खिलाफ डकवर्थ-नियम लुइस नियम के अनुसार छह विकेट से हार झेलनी पड़ी. वेस्टइंडीज क्रिकेट ने गेल के हवाले से बताया, "मैं संन्यास लेने की घोषणा नहीं की है. अगली घोषणा तक मैं टीम के साथ ही बना रहूंगा." मेजबान टीम के कप्तान जेसन होल्डर ने कहा, "मेरे जानकारी के मुताबिक उन्होंने संन्यास नहीं लिया है. लेकिन आज उन्होंने जो पारी खेली वह उनके करियर का उदाहरण था, उन्होंने दमदार पारी खेलते हुए हमें शानदार शुरुआत दिलाई. उन्होंने हमारा मनोरंजन किया और लोगों ने पिछले कई सालों से गेल से यही उम्मीद की है." भारत ने वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया. पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. भारत के खिलाफ गेल ने 41 गेंदों में आठ चौके और पांच छक्कों की मदद से 72 रनों की पारी खेली. खलील अहमद द्वारा फेंके गए 11वें ओवर की चौथी गेंद पर विराट कोहली ने उनका कैच पकड़ा. आउट होने के बाद जब गेल वापस पवेलियन जा रहे तब उन्होंने अपने हेलमेट को उतार कर बल्ले के हत्थे पर टांगा और दर्शकों की तरफ बल्ले को दिखाते हुए मैदान से बाहर गए. दर्शकों ने भी खड़े होकर तालियां बजा गेल को विदाई दी. जिस अंदाज में गेल ने विदाई ली उससे लग तो यही रहा है कि यह उनके करियर का आखिरी वनडे मैच था. जब वह आउट हो कर जा रहे तब भारतीय खिलाड़ियों ने भी उनसे हाथ मिलाकर बधाई दी. गेल ने इंग्लैंड में खेले गए विश्व कप में कह दिया था कि भारत के विंडीज दौर के बाद वह क्रिकेट को अलविदा कह देंगे. उन्होंने हालांकि इच्छा जाहिर की थी कि वह भारत के खिलाफ वनडे और टेस्ट सीरीज खेलना चाहते हैं. चयनकर्ताओं ने उन्हें वनडे में तो मौका दिया, लेकिन टेस्ट टीम में गेल को जगह नहीं मिली.