इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के लिए काउंटी क्रिकेट खेलने गए भारत के टेस्ट स्टार चेतेश्वर पुजारा भले ही चार दिवसीय मैच में बुरी तरह फ्लॉप हुए हों, लेकिन वनडे क्रिकेट में उन्होंने धमाकेदार पारी खेल यॉर्कशायर को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
भारत के वनडे और टी 20 टीम में जगह बनाने की कवायद में लगे पुजारा ने 82 रन की पारी खेलकर फॉर्म में वापसी की जबकि टॉम कोहलर-कैडमोर के शानदार शतक से यॉर्कशायर ने वनडे कप मैच में डरहम के खिलाफ 328 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. 80 रन पर पहले विकेट के गिरने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे पुजारा ने कैडमोर के साथ दूसरे विकेट के लिए 176 रनों की साझेदारी की. पुजारा अपने शतक से चुक गए और 48वें ओवर में मैटी पोट्स के शिकार बने.
पुजारा ने 92 गेंद में पांच बाउंड्री से 82 रन बनाकर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया. लेकिन कोहलर-कैडमोर ने महज 151 गेंद में 15 चौके और सात छक्के से 164 रन की शानदार पारी खेली जिससे यॉर्कशार ने विशाल स्कोर खड़ा किया. एडम लिथ ने 30 जबकि हैरी ब्रुक ने 20 रन का योगदान दिया।
मध्यम गति के गेंदबाज मैटी पोट्स ने तीन विकेट हासिल किए.
