नई दिल्लीः भुवनेश्वर कुमार इंडियन प्रीमियर लीग के किसी एक सीजन में सबसे अधिक विकेट लेने के मामले में सनराइजर्स हैदराबाद के सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं. भुवनेश्वर ने आईपीएल के नौवें सीजन में अब तक 23 विकेट हासिल किए हैं. उनका औसत 20.21 का है. भुवनेश्वर ने अब तक इस साल 16 मैच खेले हैं.

 

इससे पहले, 2013 में अमित मिश्रा ने इस टीम के लिए सबसे अधिक 21 विकेट लिए थे.

 

भुवी की खास बात यह है कि अंतिम ओवरों में वह काफी सफल रहे हैं. 23 में से नौ विकेट भुवी ने इस साल अंतिम ओवर में लिए हैं. इसका मतलब यह है कि अपने कुल विकेटों की 40 फीसदी हिस्सा उन्होंने अंतिम ओवर में जुटाए हैं.

 

भुवनेश्वर 23 विकेटों के साथ लीग के इस सीजन में गेंदबाजों की सूची में सबसे ऊपर जगह बना ली है. अब इस साल एक मैच खेला जाना है और भुवी के सबसे सफल गेंदबाज बने रहने की उम्मीद है.

 

वैसे फाइनल में पहुंच चुकी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम के यजुवेंद्र चहल और शेन वॉटसन ने अब तक 20-20 विकेट लिए हैं. अगर ये दोनों रविवार को नहीं चले तो फिर भुवी इस साल के सबसे सफल गेंदबाज के तौर पर उभरेंगे.