भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उत्तर प्रदेश के फर्स्ट क्लास क्रिकेटर रिंकू सिंह को तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया है. बीबीसीसीआई की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, इंडिया-ए क्रिकेटर रिंकू ने बीसीसीआई से अनुमति लिए बिना ही अबु धाबी में अनाधिकृत टी-20 टूर्नामेंट में भाग लिया था.

बोर्ड ने बताया कि रिंकू ने इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए उसकी अनुमति नहीं ली, जो कि बीसीसीआई के नियमों का उल्लंघन है.

बीसीसीआई की नियमों के अनुसार, बोर्ड से मान्यता प्राप्त कोई भी भारतीय क्रिकेटर बिना उसकी इजाजत के किसी भी विदेशी टूर्नामेंटों में नहीं खेल सकता है. रिंकू पर लगाया गया निलंबन एक जून से प्रभावी होगा.

इस निलंबन के बाद अब रिंकू को 31 मई से श्रीलंका-ए के साथ होने वाले टेस्ट मैच से इंडिया-ए टीम से बाहर कर दिया गया है.

आपको बता दें रिंकू सिंह अबतक कुल 19 फर्स्ट क्लास, 24 लिस्ट ए और 47 टी-20 मैच खेल चुके हैं. इसके अलावा रिंकू इंडियन प्रीमियर लीग में किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी खेल चुके हैं.

रिंकू सिंह आईपीएल 2019 में केकेआर के लिए मैदान पर उतरे थे. इस सीजन में केकेआर की तरफ से उन्हें सिर्फ पांच मैच में खेलने का मौका मिला जिसमें वे सिर्फ 37 रन ही बना पाए.