केपटाउन: बॉल टेम्परिंग विवाद को लेकर ऑस्ट्रेलिया के कुछ खिलाड़ियों का मानना है कि ‘बदमाश’ डेविड वॉर्नर को टीम होटल से बाहर किया जाना चाहिए क्योंकि ऐसी खबरें आ रही है कि इस समूचे विवाद के पीछे इस ओपनर बल्लेबाज का ही दिमाग था.

फाक्स स्पोटर्स डॉट एयू के अनुसार वॉर्नर के नाराज साथी खिलाड़ियों ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हुक्मरानों से वॉर्नर को टीम होटल से बाहर करने को कहा है. उन्होंने यह भी चेताया है कि उसके टीम होटल में बने रहने पर उसके और नाराज खिलाड़ियों के बीच कुछ वाकया हो सकता है.

वार्नर ने खुद को ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के व्हाट्सअप ग्रुप से भी अलग कर लिया है.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया मामले की जांच कर रहा है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वॉर्नर को टीम होटल में शैंपेन पीते और दोस्तों के साथ पार्टी करते पाया गया और उसके नाराज साथी खिलाड़ी चाहते हैं कि उसे टीम होटल से निकाल बाहर किया जाए.

वॉर्नर पर 12 महीने का बैन लग सकता है. ओपनर बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ को उनके विकल्प के तौर पर आखिरी टेस्ट के लिये बुला लिया गया है. वार्नर का आईपीएल में खेलना भी संदिग्ध हो गया है. उनकी टीम सनराइजर्स हैदराबाद फिलहाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले का इंतजार कर रही है .