नई दिल्ली: महज 18 साल की उम्र में अफगानिस्तान के बल्लेबाज बहीर शाह ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वो कारनाम कर दिखाया है जो विश्व क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाजों में से एक सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली भी नहीं कर पाए. शाह ने 18 साल, 253 दिन की उम्र में तिहरा शतक लगाकार घरेलू क्रिकेट में सबसे कम उम्र में तिहरा शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. सबसे कम उम्र में तिहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज जावेद मिंयादाद के नाम है उन्होंने 17 साल की उम्र में तिहरा शतक लगाया था. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बहीर की शुरुआत धमाकेदार रही और उन्होंने पहले ही मैच में नाबाद 256 रनों की पारी खेल नया इतिहास अपने नाम किया था. स्पिन घर से खेलने वाले शाह सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए. उन्होंने मुंबई से खेलने वाले अमोल मजूमदार का रिकॉर्ड तोड़ा. इतना ही नहीं अपनी पहली धमाकेदार पारी के साथ बहीर शाह डेब्यू मैच में सबसे अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अमोल मजूमदार(260) के नाम दर्ज है. पहले मैच में दोहरे शतक और चौथे मैच में तिहरे शतक के बीच बहीर ने इतने रन बना लिए कि एक और रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो गया. अपनी छह पारी में दाएं हाथ के बल्लेबाज बहीर  शाह ने  नाबाद 256, 34,11,111,116 और नाबाद 303 के साथ कुल 831 रन बना लिए हैं जो कि एक नया रिकॉर्ड है. इससे पहले 1923-24 में ऑस्ट्रेलिया के विलियम पोन्सफोर्ड ने 741 रन बनाए थे. इस लिस्ट में 562 रनों के साथ भारत के ऋषभ पंत पांचवें स्थान पर हैं.