IND Vs BAN: बांग्लादेश को पहले टेस्ट में मात देने के बाद टीम इंडिया के इरादे क्लीन स्वीप करने के हैं. भारत और बांग्लादेश के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 22 नवंबर से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा. यह मुकाबला भारत और बांग्लादेश दोनों ही टीमों का पहला डे नाइट मैच भी है और इसमें पिंक गेंद का इस्तेमाल किया जाएगा. इसी को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ी गुलाबी गेंद से लगातार अभ्यास कर रहे हैं. इसी क्रम में स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्चिन ने नेट पर अभ्यास के दौरान पूर्व श्रीलंकाई कप्तान सनथ जयसूर्या के एक्शन जैसी गेंदबाजी के साथ अभ्यास किया. अश्विन दाएं हाथ से गेंदबाजी करते हैं, लेकिन अभ्यास के दौरान उन्होंने गुलाबी गेंद से बाएं हाथ से गेंदबाजी की. उनका एक्शन भी जयसूर्या जैसी थी. अश्विन ने गेंद डाली जो ऑफ स्टंप पर टप्पा खाकर टर्न हुई और बाहर की तरफ निकल गई. पीछे फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने इस गेंद को पकड़ा. अश्विन के बाएं हाथ से गेंदबाजी करने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहे हैं. अश्विन ने एक वीडियो खुद पोस्ट करके लिखा है कि इसमें आप मेरी गेंदबाजी को बेहतर तरह से देख सकते हैं. पहले टेस्ट में अश्विन ने दोनों पारियों में पांच विकेट लिए.