क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली को टी20 से संन्यास ले लेना चाहिए? आशीष नेहरा ने दिया ये जवाब
Virat Kohli: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल में हार के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. क्या अब दोनों दिग्गजों को टी20 फॉर्मेट से रिटायर हो जाना चाहिए?

Ashish Nehra on Virat Kohli & Rohit Sharma: वर्ल्ड कप फाइनल में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. इस हार के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. क्या अब रोहित शर्मा और विराट कोहली को टी20 फॉर्मेट से रिटायर हो जाना चाहिए? बहरहाल, इस सवाल का जवाब दिया है पूर्व भारतीय खिलाड़ी आशीष नेहरा ने. आशीष नेहरा ने कहा कि विराट कोहली एक कैलेंडर वर्ष में 800 से 1000 रन बना रहे हैं. वहीं, जिस तरह रोहित शर्मा बल्लेबाजी कर रहे हैं, ऐसे में सिलेक्टर के लिए फैसला आसान नहीं होने वाला है.
'रोहित शर्मा और विराट कोहली किसी भी फॉर्मेट के लिए शानदार'
आशीष नेहरा कहते हैं कि जब तक रोहित शर्मा और विराट कोहली अपने रिटायरमेंट का एलान नहीं करते, मुझे नहीं लगता कि सिलेक्टर दोनों खिलाड़ियों को बाहर करेंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली किसी भी फॉर्मेट के लिए शानदार हैं, दोनों खिलाड़ी जब तक रन बना रहे हैं, खेलना चाहिए. पिछले दिनों वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया था. विराट कोहली ने वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाए.
वर्ल्ड कप में कैसा रहा रोहित-विराट का प्रदर्शन...
वर्ल्ड कप 2023 में विराट कोहली ने 11 मैचों में सबसे ज्यादा 765 रन बनाए. वहीं, रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप के 11 मैचों में 597 रन बनाए. लेकिन रोहित शर्मा ने जिस अंदाज में रन बनाए, वह खास था. दरअसल, रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप में 125.95 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. कई दिग्गजों का मानना है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अगले 2 सालों तक इंटरनेशनल क्रिकेट आसानी से खेल सकते हैं. इसके अलावा तकरीबन 7 महीने बाद टी20 वर्ल्ड कप 2024 का आयोजन होना है.
ये भी पढ़ें-
Michael Vaughan: मोहम्मद कैफ ने भारत को बताया वर्ल्ड कप की बेस्ट टीम, तो माइकल वॉन ने ऐसे किया ट्रोल
















