अगले महीने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड दिल्ली में भारतीय क्रिकेट टीम की मेजबानी करेगा. जी हां, अफगानिस्तान भारत में टीम इंडिया की मेजबानी करेगा. अफगानिस्तान और भारत के बीच 13 सितंबर से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी. इस घरेलू सीरीज के लिए अफगानिस्तान ने अपनी टीम का एलान कर दिया है. इब्राहिम जादरान इस सीरीज में अफगानिस्तान के कप्तान होंगे. वहीं स्टार तेज गेंदबाज नवीन उल हक की भी टीम में वापसी हुई है. 

Continues below advertisement

भारत और अफगानिस्तान के बीच यह टी20 सीरीज नई दिल्ली स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जाएगी. तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच 13 सितंबर को, दूसरा टी20 मैच 15 सितंबर को और तीसरा व अंतिम टी20 मैच 17 सितंबर को खेला जाएगा. यह सीरीज इब्राहिम जादरान के लिए अफगानिस्तान के फुल-टाइम टी20 कप्तान के तौर पर पहला असाइनमेंट भी होगा. जादरान को राशिद खान की जगह अफगानिस्तान की टी20 टीम का कप्तान बनाया गया है. 

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ नसीब खान ने एक बयान में कहा, "अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने हमेशा सभी जरूरी प्रतियोगिताओं के लिए एक संतुलित और पूरी तरह से तैयार टीम चुनने की हर संभव कोशिश की है. हमने भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए भी यही तरीका अपनाया है. मुझे उम्मीद है कि अफगानिस्तान की टीम इन मैचों में शानदार प्रदर्शन करेगी. यह बहुत गर्व की बात है कि अफगानिस्तान पहली बार किसी बड़े क्रिकेट खेलने वाले देश की मेजबानी कर रहा है. यह अफगान क्रिकेट की अपने मुख्य लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में हुई प्रगति को दर्शाता है और दिखाता है कि हम संगठन द्वारा तय किए गए रणनीतिक लक्ष्यों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं."

Continues below advertisement

भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान की टीम- इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोती, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक

यह भी पढ़ें- 

चोटिल कलाई से ऋषभ पंत ने रचा इतिहास, तोड़ा धोनी और गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड