देश इस समय कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ रहा है. ऐसे मुश्किल समय में कई खिलाड़ी COVID-19 से लड़ने में अपना योगदान कर रहे हैं. इस लिस्ट में अब एक और नाम शामिल हो गया है और वह नाम है पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान और कोच अनिल कुंबले का. अनिल कुंबले ने कोविड-19 के खिलाफ देश की लड़ाई के लिए मंगलवार को केंद्र और कर्नाटक राज्य राहत कोष में दान दिया. इस बात की जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी.

अनिल कुंबले ने ट्वीट कर लिखा, ‘‘कोविड-19 को भगाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर इससे लड़ना होगा. मैंने PM राहत कोष और मुख्यमंत्री (कर्नाटक) राहत कोष में योगदान किया है. कृपया घर पर रहिये, सुरक्षित रहिए.’’ अनिल कुंबले के इस कदम की लोग सोशल मीडिया के जरिए सराहना कर रहे हैं. साथ ही और लोगों से भी अपना योगदान देने की बात कह रहे हैं. हालांकि अनिल कुंबले ने दान की हुई राशि का खुलासा नहीं किया.

कोविड-19 से देश की लड़ाई में कई खिलाड़ी अपना योगदान कर चुके हैं. जिनमें बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली, गौतम गंभीर, पीवी. सिंधु रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर, कप्तान विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे समेत कई खिलाड़ियों का नाम शामिल है.

बता दें कि भारत में कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. देश में कोरोना के मरीजों की संख्या अब बढ़कर 1424 हो गई है. वहीं, इस संक्रमण के चपेट में आने से अब तक 32 लोग अपनी जान गवां चुके हैं. जबकि 140 लोग ठीक हो चुके हैं.

ये भी पढ़ें:

जावेद मियांदाद ने युवा क्रिकेटर्स को लताड़ा, कहा- इतनी ही हेयरस्टाइल की चिंता है तो जाओ फिल्में करो

Coronavirus: रोहित शर्मा ने डोनेट किए 80 लाख रूपये, कहा- वापस देश को उसके पांव पर खड़ा करना है