टी20क्रिकेट को बल्लेबाजों का खेल माना जाता है, लेकिन पिछले कुछ सालों में कई ऐसे गेंदबाज भी सामने आए हैं जिन्होंने अपनी शानदार गेंदबाजी से इस फॉर्मेट पर गहरी छाप छोड़ी है. दुनिया के कई दिग्गज गेंदबाज टी20 क्रिकेट में 500 से ज्यादा विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं. हालांकि भारत के लिए यह आंकड़ा अभी भी काफी दूर है. अगर टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात करें तो अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं. उन्होंने दुनियाभर की अलग-अलग टी20 लीग और इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए 700 से ज्यादा विकेट अपने नाम किए हैं. उनकी सटीक लाइन-लेंथ और विविधता उन्हें इस फॉर्मेट का सबसे खतरनाक गेंदबाज बनाती है.
राशिद खान के बाद वेस्टइंडीज के सुनील नरेन और ड्वेन ब्रावो का नाम आता है. दोनों खिलाड़ियों ने आईपीएल, सीपीएल और दुनिया की कई बड़ी टी20 लीग में अपनी गेंदबाजी से विरोधी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया है. दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर, वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन भी 500 से ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की खास सूची में शामिल हैं.
यह भी पढ़ें-पाकिस्तानी क्रिकेटर पर लगा 2 साल का बैन, जानिए क्यों मिली इतनी बड़ी सजा
अगर भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आती है. भारत का कोई भी गेंदबाज अब तक टी20 क्रिकेट में 400 विकेट का आंकड़ा भी नहीं छू सका है. इस मामले में सबसे आगे युजवेंद्र चहल हैं, जिनके नाम 396 विकेट दर्ज हैं. चहल ने आईपीएल और घरेलू टी20 क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन वह अभी 400 विकेट के आंकड़े से कुछ कदम दूर हैं.
भारत के कई गेंदबाज इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं, लेकिन दुनिया की अलग-अलग टी20 लीग में नियमित रूप से खेलने का मौका विदेशी खिलाड़ियों की तुलना में कम मिलने की वजह से उनके कुल विकेटों की संख्या भी सीमित रही है. यही कारण है कि भारतीय गेंदबाज अभी तक 500 विकेट के क्लब में जगह नहीं बना पाए हैं. आने वाले समय में युजवेंद्र चहल के पास 400 विकेट का आंकड़ा पार करने का मौका होगा. अगर वह अपनी लय बरकरार रखते हैं तो भारतीय गेंदबाजों के लिए एक नया रिकॉर्ड भी बना सकते हैं. फिलहाल टी20 क्रिकेट में 500 से ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में भारत का कोई नाम शामिल नहीं है.
यह भी पढ़ें-सिर्फ 141 रन के चेज में इस भारतीय ने ठोका तूफानी शतक, बरसाए छक्के ही छक्के
