क्रिकेट के मैदान पर ऐसा आपने पहले शायद ही कभी देखा हो कि गेंद सिर पर लगने के बाद छह रनों के लिए चली जाए. इतना ही नहीं इस करारे शॉट को सिर पर खाने के बाद भी गेंदबाज पूरी तरह सुरक्षित रहा. ये वाक्या देखने को मिला न्यूजीलैंड के घरेलू वनडे टूर्नामेंट में. जहां ऑकलैंड के बल्लेबाज जीत रावल ने कैंटरबरी के कप्तान एंड्रू एलिस की गेंद पर ऐसा जोरदार प्रहार किया कि गेंद एलिस के सिर से टकराते हुए बॉउंड्री के पार चली गई.
न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा बाद में जारी बयान में कहा गया कि कप्तान एलिस पूरी तरह से ठीक हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई. ये घटना हुई ऑक्लैंड की पारी के 19वें ओवर में. फाइनल मुकाबले में ऑक्लैंड ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. एलिस जब पहली बार गेंदबाजी करने आए तो जीत रावल ने उनके ओवर में लगातार छक्के लगाए. ओवर का दूसरा छक्का बेहद ही खतरनाक तरीके से रावल के बल्ले से निकला.
लॉफटेड स्ट्रेट ड्राइव की कोशिश में रावल ने जोरदार शॉट गेंदबाज की ओर खेला. एलिस फॉलोथ्रू में कुछ समझ पाते तब तक गेंद उनकि सिर से टकरा चुकी थी. शॉट इतना करारा था कि सिर से टकराने के बाद मिड ऑन के ऊपर से छह रनों के लिए चली गई. अंपायर ने पहले बाउंड्री का इशारा किया लेकिन बाद में उन्हें अपने निर्णय को बदलना पड़ा.
चोट के बाद एलिस इलाज के लिए मैदान से बाहर चले गए लेकिन जल्द ही मैदान पर वापस आए और छह ओवर की गेंदबाजी भी की इस दौरान उन्होंने रावल को आउट कर चोट का बदला भी ले लिया. हालाकि इससे पहले रावल ने 153 गेंदों में 10 चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 149 रनों की धमाकेदार पारी खेल टीम को छह विकेट पर 304 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. जवाब में कैंटरबरी की टीम 37.2 ओवर में197 रन पर ही ढेर हो गई.
न्यूजीलैंड का गेंदबाज पहन चुका है हेलमेट
ऐसे ही करारे शॉट से बचने के लिए अंपायर ने हेलमेट पहनना शुरू किया था लेकिन पिछले साल दिसंबर में न्यूजीलैंड के हेमिल्टन में खेले गए टी-20 मैच में ओटैगो के तेज गेंदबाज वॉरेन बर्न्स ने हेलमेट पहनकर गेंदबाजी की थी. बर्न्स ने भी नॉर्दर्न नाइट्स के बल्लेबाजों से खुद को बचान के लिए हेलमेट पहना था. ऐसे शॉट के बाद एक बार फिर चर्चा आम हो गई है कि क्या अब गेंदबाजों को भी हेलमेट पहन कर मैदान पर उतरना होगा.