इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में खेले जा रहे 18वें एशियाई खेलों में पहली हिस्सा ले रहे भारत के 15 साल के निशानेबाज शार्दुल विहान ने ट्रैप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता है. 2014 में निशानेबाजी में कदम रखने वाले शार्दुल 18वें एशियाई खेलों के फाइनल में केवल एक अंक से स्वर्ण पदक से चूक गए.

शार्दुल फाइनल में 73 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. इस इवेंट का गोल्ड मेडल दक्षिण कोरिया के शिन ह्यूवो को मिला, वहीं कतर के हामद अली अल मारी ने 53 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.

भारत के एक अन्य निशानेबाज अंकुर मित्तल इस स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश नहीं कर पाए. उन्हें क्वालिफिकेशन में नौवां स्थान हासिल हुआ. शार्दुल ने क्वालिफिकेशन में 141 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया था.

पदक तालिका में भारत अब 4 गोल्ड, 4 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज के साथ कुल 17 मेडल लेकर 9वें स्थान पर है. 51 गोल्ड मेडल के साथ कुल 102 मेडल जीतने वाला चीन पहले पायदान पर बना हुआ है.