चीन ने अमेरिका-रूस को पछाड़ा, देश में सबसे बड़े एम्फीबियस प्लेन ने भरी उड़ान
चीन में बने दुनिया के सबसे बड़े एम्फीबियस प्लेन AG600 ने बीते रविवार को अपनी पहली उड़ान पूरी की. इस एम्फीबियस प्लेन की खासियत है कि ये जमीन के अलावा पानी की सतह से भी उड़ान भर सकता है. AG600 (कूट नाम- कुंलोंग) ने दक्षिण चीन के गुआंगदोंग प्रांत के झुहाई सिटी से उड़ान भरी.
राहत और बचाव अभियान के दौरान यह प्लेन 50 लोगों को ढो सकता है, आग बुझाने के लिए 20 सेकेंड में 12 टन पानी संग्रह कर सकता है. एक बार ईंधन भरने के बाद 370 टन पानी ढो सकता है.
चीन की सरकार न्यूज़ एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक स्वदेशी तकनीक से विकसित दुनिया के सबसे बड़े एम्फीबियस प्लेन का इस्तेमाल मुख्य रूप से समुद्र में बचाव कार्य, जंगल में लगी आग बुझाने और समुद्र की निगरानी में किया जाएगा.
सरकारी कंपनी एविएशन इंडस्ट्री कॉरपोरेशन ऑफ चीन (एविक) ने कहा कि इस प्लेन का ढांचा 39.6 मीटर लंबा है और डैने 38.8 मीटर के हैं. यह अधिकतम 53.5 टन वजन और 500 किलोमीटर प्रति घंटे तक की उड़ान भर सकता है. इसकी उड़ान की क्षमता 12 घंटे है.
इस प्लेन के मुख्य डिजाइनर हुआंग लिंगसाई ने कहा, ‘‘इस उड़ान से चीन बड़ा एम्फीबियस प्लेन विकसित करने वाले देशों में शामिल हो गया है.’’ देश की सरकार चलाने वाली कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) ने अभियान में शामिल सभी लोगों को बधाई दी है. बधाई संदेश में कहा गया है कि मई में विशाल सी- 919 पैसेंजर प्लेन की पहली उड़ान के बाद खास मकसद के लिए प्लेन विकसित करने में यह बड़ी सफलता है.