EPFO के 31 लाख निष्क्रिय PF खातों में जमा रकम होगी वापस, बिना आवेदन सीधे बैंक में आएगा पैसा

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ से जुड़े लाखों खाताधारकों के लिए राहत भरी खबर है. श्रम मंत्रालय ने निष्क्रिय पीएफ खातों में पड़ी छोटी रकम को वापस करने की तैयारी कर ली है. खास बात यह है कि खाताधारकों को किसी तरह का आवेदन या कागजी कार्रवाई नहीं करनी होगी. पैसा सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाएगा.
दरअसल अगर किसी EPFO खाते में लगातार तीन साल तक कोई वित्तीय गतिविधि नहीं होती तो उसे निष्क्रिय खाता माना जाता है. ऐसे लाखों खाते सालों से बिना उपयोग के पड़े हैं. ऐसे करीब 31 लाख निष्क्रिय खातों की पहचान की गई है. इनमें बड़ी संख्या ऐसे खातों की है, जिनमें लंबे समय से कोई लेनदेन नहीं हुआ है.
वहीं सरकार के अनुसार लगभग 6 लाख ऐसे खाते हैं, जिनमें 1000 रुपये या उससे कम राशि जमा है. इन खातों में जमा रकम बिना किसी आवेदन के सीधे संबंधित बैंक खातों में भेजी जाएगी. रिपोर्ट के अनुसार जो खाते आधार से लिंक हैं, इसमें पैसा तत्काल प्रभाव से ट्रांसफर किया जाएगा. बाकी खातों में भी स्टेप वाइज तरीके से राशि भेजी जाएगी.
आपको बता दें कि फिलहाल इस प्रक्रिया को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जा रहा है. शुरुआती चरण में करीब 6 लाख खातों को शामिल किया गया है. अगर यह व्यवस्था सफल रहती है, तो बाकी बचे लगभग 25 लाख निष्क्रिय खातों में भी इसी मॉडल के तहत रकम ट्रांसफर की जाएगी.
वहीं करीब 31.86 लाख निष्क्रिय खातों में लगभग 10,903 करोड़ रुपये जमा हैं. इसके अलावा 1000 रुपये तक की राशि वाले खातों में कुल 30.52 करोड़ रुपये पड़े हैं.
कई लोग नौकरी बदलने के बाद पुराने PF खाते भूल जाते हैं या छोटी रकम के लिए कागजी प्रक्रिया से बचते हैं. ऐसे में सरकार के इस कदम का उद्देश्य वर्षों से अटकी रकम को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाना है.
इस प्रक्रिया के तहत खाताधारकों को किसी EPFO कार्यालय जाने या फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी. विभाग खुद ही सत्यापन के बाद पैसा बैंक खाते में ट्रांसफर करेगा. श्रम मंत्रालय के इस फैसले से करीब 31 लाख खाताधारकों को सीधा फायदा होगा. वर्षों से निष्क्रिय पड़े खातों की रकम अब आसानी से उनके बैंक खातों में पहुंच सकेगी.