Wi-Fi Router Overheating : क्या आपका Wi-Fi राउटर जरूरत से ज्यादा गर्म है? ऐसे पहचानें खतरे के संकेत

घर में इंटरनेट धीमा होने या Wi-Fi बार-बार डिस्कनेक्ट होने पर अक्सर लोग अपने राउटर की सेटिंग चेक करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि आपका राउटर कितना गर्म हो रहा है? लगातार इंटरनेट चलने के कारण राउटर भी गर्म हो सकता है, हालांकि हर बार इसका गर्म होना किसी खराबी का संकेत नहीं होता है. परेशानी तब हो सकती है, जब डिवाइस जरूरत से ज्यादा गर्म होने लगे. ऐसे में यह समझना जरूरी है कि राउटर को किस जगह रखा गया है और उसकी गर्मी कम करने के लिए क्या किया जा सकता है.
Wi-Fi राउटर लगातार काम करने वाला इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है. इसलिए यूज के दौरान उसका थोड़ा गर्म होना सामान्य हो सकता है. इसका मतलब यह नहीं है कि राउटर खराब हो रहा है, हालांकि हर राउटर की सुरक्षित ऑपरेटिंग कंडीशन अलग हो सकती है. इसलिए सिर्फ हाथ लगाकर उसका तापमान महसूस करने की जगह कंपनी की ओर से दी गई जानकारी देखना बेहतर है.
राउटर को सही तरीके से चलाने के लिए यह देखना भी जरूरी है कि उसके आसपास कितनी गर्मी या ठंडक है. Google के Nest Wifi Pro को ऐसी जगह यूज करने की सलाह नहीं दी गई है, जहां तापमान 32 डिग्री फारेनहाइट से कम या 95 डिग्री फारेनहाइट से ज्यादा हो. वहीं TP-Link Archer AX55 के लिए तापमान की सीमा 32 से 104 डिग्री फारेनहाइट तय की गई है. ये तापमान राउटर के आसपास की हवा के हैं. अलग-अलग मॉडल के लिए यह सीमा अलग हो सकती है, इसलिए अपने राउटर की गाइड में दी गई जानकारी जरूर देखें.
अगर आपका राउटर ऐसी जगह रखा है, जहां लंबे समय तक सीधी धूप आती है, तो उसे सूरज की गर्मी भी झेलनी पड़ सकती है. इससे डिवाइस के अंदर पैदा होने वाली गर्मी के साथ अतिरिक्त गर्मी भी जुड़ जाती है. इसलिए राउटर की जगह तय करते समय आसपास के तापमान का ध्यान रखें.
सर्दियों में घर का हीटर चालू होने पर उसके पास रखे राउटर को भी अतिरिक्त गर्मी मिल सकती है. हो सकता है कि आपने राउटर गर्मियों में ऐसी जगह रखा हो, जहां तापमान सामान्य रहता था. लेकिन ठंड के मौसम में हीटर चलने पर वही जगह उसके लिए सही न रहे.
राउटर को खुली और हवादार जगह पर रखें. उसके ऊपर कोई सामान या दूसरा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस न रखें. साथ ही उसके वेंट और बाहरी पोर्ट पर जमी धूल साफ रखें. धूल जमा होने से गर्म हवा बाहर निकलने का रास्ता बाधित हो सकता है, जिससे डिवाइस की गर्मी बढ़ सकती है.
अगर राउटर जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाए, तो उसका पावर कनेक्शन निकाल दें. इसके बाद उसे किसी ठंडी जगह पर रखें और पूरी तरह ठंडा होने तक दोबारा चालू न करें. उसके पावर एडॉप्टर को भी हवादार जगह पर रखें. हमेशा राउटर के साथ मिला एडॉप्टर ही यूज करें, उसकी जगह किसी दूसरे ब्रांड का एडॉप्टर न लगाएं. अगर राउटर लगातार जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है, तो यह संकेत हो सकता है कि उसे बदलने का समय आ गया है.