iPhone में कॉल काटने का बटन आखिर क्यों नहीं दिखता? असली वजह जानकर कहेंगे – ओह, इतना आसान था
दरअसल, जब फोन अनलॉक होता है तब यूजर स्क्रीन के साथ एक्टिव तरीके से इंटरैक्ट कर रहा होता है. ऐसे में कॉल आने पर हरा (रिसीव) और लाल (कॉल काटने) दोनों विकल्प दिखाई देते हैं ताकि व्यक्ति तुरंत फैसला ले सके कि बात करनी है या नहीं. यानी अनलॉक स्थिति में पूरा कंट्रोल यूजर के हाथ में होता है.
लेकिन कहानी बदल जाती है जब फोन लॉक होता है. उस समय डिवाइस अक्सर जेब, बैग या टेबल पर रखा होता है. अगर लॉक स्क्रीन पर सीधे कॉल काटने या उठाने का बटन दे दिया जाए तो हल्के से टच या दबाव से कॉल गलती से रिसीव या डिस्कनेक्ट हो सकती है. इसी जोखिम से बचाने के लिए लॉक स्क्रीन पर स्लाइड करके कॉल उठाने का विकल्प दिया जाता है. इससे अनजाने में कॉल रिसीव होने की संभावना कम हो जाती है.
यह डिजाइन सोच Apple की उस रणनीति को दिखाती है जिसमें यूजर एक्सपीरियंस और गलती से होने वाली गतिविधियों को कम करना प्राथमिकता होती है. कंपनी का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि फोन जेब में रहते हुए खुद से कोई गलत एक्शन न ले ले.
अब सवाल उठता है कि अगर लॉक स्क्रीन पर लाल बटन नहीं दिखता तो कॉल काटें कैसे? इसका जवाब बेहद आसान है. जब iPhone लॉक हो और कॉल आ रही हो, तो साइड में मौजूद पावर बटन को दबाने से कॉल साइलेंट हो जाती है. यदि उसी बटन को दो बार दबाया जाए तो कॉल सीधे कट भी जाती है. यानी बटन छिपा नहीं है बस उसका तरीका थोड़ा अलग है.
इस तरह, जो चीज पहली नजर में कमी लगती है, वह दरअसल एक सुरक्षा उपाय है. iPhone में कॉल काटना मुश्किल नहीं है बस उसका तरीका थोड़ा समझने की जरूरत है.