iPhone की स्क्रीन पर टाइम हमेशा 9:41 ही क्यों होता है? Apple छुपा रहा है ये दिलचस्प राज

अगर आपने कभी iPhone के विज्ञापन, पोस्टर या Apple के लॉन्च इवेंट्स को गौर से देखा होगा, तो एक बात जरूर नोटिस की होगी. लगभग हर बार iPhone की स्क्रीन पर समय 9:41 AM ही नजर आता है. पहली बार देखने पर यह महज एक डिजाइन ट्रिक लग सकती है लेकिन हकीकत में इसके पीछे Apple की सोची-समझी रणनीति और इतिहास छिपा हुआ है.
दरअसल Apple किसी भी चीज को यूं ही नहीं चुनता चाहे वह फोन का डिजाइन हो या स्क्रीन पर दिखने वाला समय. iPhone पर 9:41 AM दिखना एक खास वजह से जुड़ा है जिसका कनेक्शन कंपनी के सबसे यादगार पल से है.
साल 2007 में, जब Apple ने पहली बार दुनिया के सामने iPhone पेश किया था वह पल टेक्नोलॉजी की दुनिया के लिए ऐतिहासिक बन गया. 9 जनवरी 2007 को सैन फ्रांसिस्को में आयोजित इवेंट के दौरान Steve Jobs ने स्टेज पर iPhone से पर्दा उठाया. ठीक उसी समय घड़ी में करीब 9:41 AM बज रहे थे.
Apple चाहता था कि जब दर्शक स्टेज पर दिख रहे फोन की स्क्रीन देखें तो वहां दिखने वाला समय उनके आसपास की घड़ियों से मेल खाता हुआ लगे. इससे प्रेजेंटेशन ज्यादा नैचुरल और रियल महसूस होती थी. यही समय धीरे-धीरे Apple की पहचान बन गया.
हालांकि शुरुआत में Apple अपने डिवाइसेज पर 9:42 AM का समय दिखाता था. इसकी वजह यह थी कि लॉन्च इवेंट्स को बहुत सटीक प्लानिंग के साथ डिजाइन किया जाता था और आमतौर पर नए प्रोडक्ट को इवेंट शुरू होने के करीब 40 से 42 मिनट बाद दिखाया जाता था. लेकिन साल 2010 में iPad लॉन्च के वक्त Apple ने अपनी टाइमिंग स्ट्रैटेजी में थोड़ा बदलाव किया और समय को 9:41 AM पर फिक्स कर दिया. इसके बाद से iPhone, iPad और MacBook जैसे प्रोडक्ट्स में यही समय दिखाया जाने लगा.
यहां एक दिलचस्प बात और है. Apple Watch की स्क्रीन पर आपको 9:41 AM नहीं, बल्कि 10:09 AM का समय दिखता है. इसका कारण घड़ी उद्योग की पुरानी परंपरा है जहां डायल पर सुइयों को इस पोजिशन में दिखाया जाता है ताकि ब्रांड का नाम और डिजाइन साफ नजर आए.
Apple ने इस परंपरा को अपनाते हुए उसमें अपना अलग टच जोड़ दिया. यानी iPhone की स्क्रीन पर दिखने वाला 9:41 AM सिर्फ एक समय नहीं, बल्कि Apple के इतिहास और उसकी बारीक सोच का प्रतीक है.