YouTube पर गाना लगाने से पहले समझ लें ये नियम! ये 1 गलती करते ही आपके चैनल पर लग सकती है रोक

आज के समय में YouTube और Instagram पर वीडियो बनाना बेहद आसान हो गया है लेकिन म्यूजिक का गलत इस्तेमाल कई बार भारी पड़ सकता है. खासकर नए क्रिएटर्स अक्सर फ्री म्यूजिक देखकर उसे तुरंत इस्तेमाल कर लेते हैं लेकिन बाद में उन्हें कॉपीराइट से जुड़ी परेशानी झेलनी पड़ती है. कई मामलों में अचानक स्ट्राइक आ जाती है और अगर यह बार-बार हो जाए तो पूरा चैनल ही बंद हो सकता है. इसलिए म्यूजिक इस्तेमाल करते समय थोड़ी सी सावधानी बेहद जरूरी है.
जब कोई क्रिएटर बिना अनुमति के किसी गाने या म्यूजिक को अपने वीडियो में जोड़ता है तो असली मालिक प्लेटफॉर्म पर शिकायत कर सकता है. ऐसे में वीडियो पर कॉपीराइट क्लेम या स्ट्राइक लग जाती है.
क्लेम आने पर आमतौर पर कमाई बंद हो जाती है जबकि स्ट्राइक ज्यादा गंभीर होती है और लगातार तीन स्ट्राइक मिलने पर चैनल हमेशा के लिए हटाया जा सकता है.
सुरक्षित तरीके से म्यूजिक इस्तेमाल करने के लिए सबसे भरोसेमंद ऑप्शन YouTube Audio Library है. यहां मिलने वाला म्यूजिक पूरी तरह सुरक्षित होता है और इसे इस्तेमाल करने से मोनेटाइजेशन पर कोई असर नहीं पड़ता. इसके अलावा कुछ प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म भी हैं जहां हाई क्वालिटी म्यूजिक मिलता है लेकिन उनमें अक्सर सब्सक्रिप्शन की जरूरत होती है.
अगर आप Creative Commons लाइसेंस वाला म्यूजिक इस्तेमाल करते हैं तो उसमें दिए गए नियमों का पालन करना जरूरी होता है. कई बार वीडियो के डिस्क्रिप्शन में क्रेडिट देना भी अनिवार्य होता है. वहीं, इंटरनेट पर मौजूद कई No Copyright लिखे चैनल्स पर आंख बंद करके भरोसा करना सही नहीं होता क्योंकि बाद में उन पर भी क्लेम आ सकता है.
सही तरीका यही है कि किसी भी म्यूजिक को इस्तेमाल करने से पहले उसका लाइसेंस जरूर जांच लें. जहां तक हो सके खुद की रिकॉर्ड की गई आवाज या ओरिजिनल साउंड का इस्तेमाल करें. इससे न सिर्फ आपका कंटेंट यूनिक बनेगा बल्कि कॉपीराइट का खतरा भी नहीं रहेगा.
अगर गलती से कभी स्ट्राइक आ जाए तो घबराने की जरूरत नहीं होती. आप प्लेटफॉर्म के जरिए अपील कर सकते हैं और सही जानकारी देने पर कई बार स्ट्राइक हट भी जाती है. लेकिन बार-बार गलती करने से बचना ही सबसे बेहतर उपाय है.