Microwave की सफाई में न करें ये गलतियां, खराब हो सकती है परफॉर्मेंस

खाना गर्म करने से लेकर झटपट स्नैक्स तैयार करने तक, माइक्रोवेव किचन के सबसे काम आने वाले अप्लायंसेज में से एक है, लेकिन इसमें बार-बार खाना गर्म करने से तेल, सॉस और खाने के छोटे-छोटे टुकड़े अंदर की दीवारों पर जमने लगते हैं. अगर इनकी समय पर सफाई न हो, तो बदबू आने के साथ खाने के स्वाद पर भी असर पड़ सकता है, हालांकि, माइक्रोवेव साफ करने का तरीका भी उतना ही जरूरी है. गलत क्लीनर, खुरदरे स्क्रबर या जरूरत से ज्यादा पानी का इस्तेमाल इसकी अंदरूनी सतह और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स को नुकसान पहुंचा सकता है. ऐसे में सफाई करते समय कुछ गलतियों से बचना जरूरी है.
माइक्रोवेव की गंदगी हटाने के लिए तेज केमिकल वाले ओवन क्लीनर, ब्लीच या अमोनिया आधारित क्लीनर इस्तेमाल करने से बचें. ये इसकी अंदरूनी कोटिंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं और तेज गंध छोड़ सकते हैं. सफाई के लिए हल्का साबुन और पानी या माइक्रोवेव क्लीनर चुनें.
जमी हुई गंदगी हटाने के लिए वायर स्क्रबर या हार्ड पैड इस्तेमाल करने से अंदर की सतह पर खरोंच आ सकती है. इसकी जगह मुलायम स्पंज, माइक्रोफाइबर कपड़े या सॉफ्ट क्लॉथ से सफाई करें.
माइक्रोवेव के वेंट और कंट्रोल पैनल पर सीधे पानी या क्लीनर स्प्रे करना नुकसानदायक हो सकता है. इससे अंदर मौजूद इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स प्रभावित हो सकते हैं. सफाई के लिए हल्के गीले कपड़े का इस्तेमाल करें और वेंट की धूल सूखे कपड़े या मुलायम ब्रश से हटाएं.
माइक्रोवेव की घूमने वाली प्लेट और उसके सपोर्ट रिंग पर भी खाने के दाग जमते हैं. इन्हें निकालकर गर्म पानी और साबुन से अलग साफ करें. दोबारा इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह सुखाएं और टर्नटेबल को सही जगह लगाना न भूलें.
सूखे दागों को हटाने के लिए एक माइक्रोवेव-सेफ बाउल में पानी और नींबू के टुकड़े डालकर करीब 5 मिनट गर्म करें. इसके बाद दरवाजा 5-10 मिनट बंद रहने दें, जिससे भाप दागों को ढीला कर सके. गर्म बाउल निकालते समय सावधानी बरतें और फिर मुलायम कपड़े से अंदर की सफाई करें.
माइक्रोवेव की अंदरूनी सतह पर पेंट उखड़ने या जंग के निशान दिखें, तो इस्तेमाल रोककर सर्विस सेंटर से संपर्क करें. दरवाजे की सील और वेंट की भी नियमित जांच करें. खाने के छींटे दिखते ही साफ कर देने से गंदगी जमने और बदबू आने की परेशानी कम हो सकती है.