Android Phone Crash Problem : बार-बार क्रैश होकर परेशान कर रहा Android फोन? इन तरीकों से करें ठीक

Android Phone Crash Problem : स्मार्टफोन का यूज करते समय अचानक उसका बंद हो जाना या बार-बार रीस्टार्ट होना किसी को भी परेशान कर सकता है. कई बार फोन को एक बार बंद करके दोबारा चालू करने से समस्या ठीक हो जाती है, लेकिन अगर ऐसा बार-बार हो रहा है तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है. इसकी वजह फोन में मौजूद कोई खराब ऐप, स्टोरेज की कमी या डिवाइस का ज्यादा गर्म होना हो सकता है. Google के मुताबिक, Android फोन के बार-बार क्रैश होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. ऐसे में कुछ आसान तरीके अपनाकर इस परेशानी को दूर किया जा सकता है.
फोन में पुराने सॉफ्टवेयर की वजह से भी परेशानी आ सकती है. Google सलाह देता है कि यूजर्स अपने फोन या टैबलेट में Android का नया वर्जन चेक करें. इसके लिए Settings में जाकर System पर टैप करें. यहां System Update या Update Center का ऑप्शन मिलेगा. अगर कोई अपडेट उपलब्ध है तो उसे इंस्टॉल कर लें. अपडेट पूरा होने के बाद फोन रीस्टार्ट होगा. इसके अलावा Google Play Store को भी अपडेट रखना जरूरी है. इससे फोन को नए सिक्योरिटी फीचर्स और Google Play Protect की सुविधा मिलती है.
कई बार फोन में डाउनलोड किया गया कोई ऐप भी बार-बार क्रैश होने की वजह बन सकता है. खासकर हाल ही में इंस्टॉल किए गए ऐप्स पर ध्यान दें. Google Play Store खोलकर प्रोफाइल आइकन पर जाएं और Manage Apps & Devices में उपलब्ध अपडेट चेक करें. जिन ऐप्स के अपडेट बाकी हैं, उन्हें इंस्टॉल करें.
अगर समझ नहीं आ रहा कि कौन-सा ऐप परेशानी पैदा कर रहा है, तो फोन में खुले ऐप्स को एक-एक करके बंद करें. Google के अनुसार, किसी खास ऐप को बंद करने के बाद अगर क्रैश होने की समस्या रुक जाती है, तो उस ऐप को अपडेट करें या अनइंस्टॉल करके दोबारा इंस्टॉल करें.
फोन की मेमोरी लगभग भर जाने पर भी डिवाइस ठीक से काम नहीं करता है. Google के अनुसार, अगर फोन में 10 प्रतिशत या उससे कम स्टोरेज खाली बची है तो उसमें क्रैश होने जैसी समस्याएं आ सकती हैं. इससे बचने के लिए पुराने फोटो, वीडियो, डाउनलोड की गई फाइलें और यूज में नहीं आने वाले ऐप्स हटाएं. इसके लिए Settings में Storage ऑप्शन खोलें. Samsung फोन में यह सुविधा Battery and Device Care के अंदर मिलती है. जरूरत पड़ने पर जरूरी फाइलों को क्लाउड पर सेव कर सकते हैं या सपोर्ट मिलने पर माइक्रोएसडी कार्ड का यूज कर सकते हैं.
अगर बाकी तरीके काम नहीं कर रहे हैं, तो फैक्ट्री रीसेट का ऑप्शन अपनाया जा सकता है. इससे फोन का पूरा डेटा हट जाता है और डिवाइस दोबारा शुरुआती सेटिंग पर आ जाता है. ऐसा करने से पहले फोटो, मैसेज और दूसरी जरूरी फाइलों का बैकअप जरूर लें. इसके बाद Settings में System पर जाकर Restart & Reset और Factory Data Reset का ऑप्शन चुनें.
Google की सलाह है कि फोन में लगे कवर या दूसरी एक्सेसरीज भी चेक करें. अगर कोई एक्सेसरी फोन के सेंसर को ढक रही है, तो उसे हटा दें. साथ ही ध्यान रखें कि फोन जरूरत से ज्यादा गर्म न हो. अगर इन सभी के बाद भी फोन बार-बार बंद या रीस्टार्ट हो रहा है, तो उसे सर्विस सेंटर ले जाएं. इसकी वजह हार्डवेयर से जुड़ी खराबी भी हो सकती है.