रात में 8 घंटे AC चलने पर कितनी बिजली खपत होती है? ऐसे कर सकते हैं कैलकुलेट

गर्मी का मौसम जैसे-जैसे तेज़ होता जा रहा है लोग अब अपने एयर कंडीशनर (AC) की सर्विसिंग करवाने में जुट गए हैं. ज्यादा गर्मी बढ़ने पर लोगों को एसी की जरूरत होने लगती है. हालांकि एसी चलाने पर बिजली बिल की भी टेंशन लोगों को बनी रहती है. यही चिंता कई बार लोगों को एसी खरीदने से रोक देती है.
हालांकि, अगर आप पहले से समझदारी से प्लान कर लें और अंदाजा लगा लें कि रातभर एसी चलाने पर कितना खर्च आएगा तो आप आसानी से बजट के अंदर रह सकते हैं. मान लीजिए आप केवल रात में 8 घंटे के लिए एसी चलाते हैं तो महीने भर में इसका बिजली बिल कितना आएगा. इसको आप अपने आप ही कैलकुलेट कर सकते हैं.
दिल्ली की बिजली वितरण कंपनी बीएसईएस यमुना पावर लिमिटेड की वेबसाइट पर जाकर आप यह अनुमान लगा सकते हैं. इसके लिए https://www.bsesdelhi.com/web/bypl/energy-calculator लिंक पर जाएं. यहां आपको एनर्जी कैलकुलेटर का सेक्शन मिलेगा, जिसमें कूलिंग कैटेगरी के अंदर एसी का ऑप्शन दिखेगा.
यहां आप अपने एसी की पावर (जैसे 2400 वॉट) डाल सकते हैं, कितने एसी चल रहे हैं, दिन में कितने घंटे चलेंगे, और महीने में कितने दिन, ये सारी जानकारी भरने के बाद अनुमानित यूनिट्स मिल जाएंगी.
उदाहरण के लिए बता दें कि अगर 2400 वॉट लोड के साथ 8 घंटे प्रतिदिन और 30 दिन के लिए कैलकुलेशन किया जाए तो कुल 576 यूनिट बिजली खर्च होगी. अब यदि हम औसतन प्रति यूनिट 7 रुपये की दर से इसका खर्च जोड़ें तो यह लगभग 4032 रुपये होता है. अन्य टैक्स और फिक्स चार्ज मिलाकर यह आंकड़ा करीब 4500 रुपये तक जा सकता है.
दिल्ली में भले ही 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त है और छूटें भी मिलती हैं लेकिन बाकी राज्यों में यह सुविधा नहीं होती. इसलिए अगर आप अधिक देर तक या एक से ज्यादा एसी चलाते हैं तो बिल और ज़्यादा हो सकता है.
अब अगर आप सोच-समझकर और जरूरत के अनुसार एसी का इस्तेमाल करेंगे तो गर्मियों में ठंडक का मज़ा भी ले सकेंगे और बिजली के बिल से भी डरने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी.