WhatsApp पर डिलीट हो गया मैसेज! Android की ये सेटिंग बताएगी क्या लिखा था

कई बार WhatsApp या किसी दूसरे मैसेजिंग ऐप पर कोई मैसेज आता है लेकिन जब तक आप उसे खोलते हैं सामने वाला उसे डिलीट कर चुका होता है. इसके बाद अक्सर सिर्फ This message was deleted दिखाई देता है और आप सोचते रह जाते हैं कि आखिर मैसेज में क्या लिखा था. Android फोन में मौजूद एक फीचर ऐसी कंडिशन में काम आता है. इसका नाम Notification History है.
Notification History Android का ऐसा फीचर है जो फोन पर आने वाले नोटिफिकेशन का रिकॉर्ड रखता है. इसमें मैसेजिंग ऐप्स, ईमेल और दूसरे ऐप्स से मिले नोटिफिकेशन शामिल हो सकते हैं. खास बात यह है कि अगर किसी मैसेज का नोटिफिकेशन आपके फोन पर आ चुका था और उसके बाद भेजने वाले ने मैसेज डिलीट कर दिया तो Notification History में उसका कुछ हिस्सा दिखाई दे सकता है. यह फीचर किसी डिलीट हुए मैसेज को ऐप के अंदर से वापस नहीं लाता है बल्कि पहले मिले नोटिफिकेशन का रिकॉर्ड दिखाता है.
इस फीचर को पहले से चालू करना जरूरी है. Google Pixel और Motorola जैसे फोन में इसे एक्टिवेट करने के लिए Settings खोलें. इसके बाद Notifications में जाएं और Notification history पर टैप करें. अब Use notification history का टॉगल ऑन कर दें.
Samsung Galaxy फोन में तरीका थोड़ा अलग हो सकता है. यहां Settings में जाकर Notifications में जाएं और यहां Advanced settings जाने पर Notification history मिल जाएगा. इसमें जाकर इसे ऑन किया जा सकता है. दूसरे Android फोन में भी Settings के Notifications सेक्शन में Notification History खोजी जा सकती है. अगर ऑप्शन नहीं मिल रहा है तो Settings के सर्च बॉक्स में Notification history लिखकर सर्च करें.
एक बार Notification History एक्टिव होने के बाद फोन पर आने वाले नोटिफिकेशन का रिकॉर्ड इसमें सेव होता रहेगा. अगर कोई मैसेज आने के बाद डिलीट कर दिया जाता है तो आप Notification History में जाकर उस नोटिफिकेशन को देख सकते हैं. हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि मैसेज का नोटिफिकेशन आपके फोन पर आया हो. अगर आपने उस चैट के नोटिफिकेशन बंद कर रखे हैं या चैट म्यूट है तो मैसेज Notification History में रिकॉर्ड नहीं होगा.
इस फीचर की एक बड़ी सीमा भी है. Notification History में नोटिफिकेशन का रिकॉर्ड केवल पिछले 24 घंटे तक उपलब्ध रहता है. इसके बाद पुराने नोटिफिकेशन हट जाते हैं. इसलिए डिलीट हुए मैसेज को देखने के लिए 24 घंटे के अंदर Notification History चेक करनी होगी. इसके अलावा बहुत लंबे मैसेज भी पूरी तरह दिखाई नहीं दे सकते. Notification History में आमतौर पर नोटिफिकेशन में उपलब्ध टेक्स्ट का कुछ हिस्सा ही नजर आता है.
Notification History का इस्तेमाल केवल डिलीट मैसेज देखने के लिए नहीं है. अगर आपने गलती से कोई जरूरी नोटिफिकेशन स्वाइप करके हटा दिया है तो भी यह फीचर उसे दोबारा देखने में मदद कर सकता है. साथ ही इससे यह पता लगाने में भी मदद मिलती है कि कौन-से ऐप बार-बार गैरजरूरी नोटिफिकेशन भेज रहे हैं.