5 स्टार AC या Inverter AC! कौन बचाएगा ज्यादा बिजली का बिल? खरीदने से पहले जान लें असली सच

भारत में बढ़ती गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है खासकर उत्तर भारत में तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है. ऐसे में अब एयर कंडीशनर सिर्फ आराम की चीज नहीं बल्कि जरूरत बन चुका है. लेकिन जब नया AC खरीदने की बात आती है तो सबसे बड़ा सवाल यही होता है 5 स्टार AC लें या इन्वर्टर AC? दोनों को बिजली बचाने वाला बताया जाता है लेकिन असली फर्क समझना जरूरी है ताकि आपका पैसा सही जगह लगे.
5 स्टार AC वह होता है जिसे Bureau of Energy Efficiency (BEE) द्वारा सबसे ऊंची ऊर्जा रेटिंग दी जाती है. इसका मतलब है कि यह कम बिजली खर्च करके बेहतर कूलिंग देता है. ऐसे AC लंबे समय में बिजली के बिल को कम करने में मदद करते हैं.
अगर आप पूरे सीजन AC चलाते हैं तो यह आपके खर्च को काफी हद तक कंट्रोल रख सकता है. साथ ही, इनकी रीसेल वैल्यू भी अच्छी रहती है. हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि हर 5 स्टार AC इन्वर्टर टेक्नोलॉजी के साथ नहीं आता.
इन्वर्टर AC में मौजूद कंप्रेसर जरूरत के हिसाब से अपनी स्पीड को बदलता है. यानी यह बार-बार ऑन-ऑफ होने की बजाय लगातार चलता है और तापमान को स्थिर बनाए रखता है. इससे बिजली की खपत अचानक नहीं बढ़ती, कमरे का तापमान संतुलित रहता है और शोर भी कम होता है. खासकर अगर आप AC को कई घंटों तक लगातार चलाते हैं तो इन्वर्टर टेक्नोलॉजी ज्यादा प्रभावी साबित होती है.
अगर आप 5 स्टार और 3 स्टार इन्वर्टर AC की तुलना करें तो 5 स्टार वाला हमेशा कम बिजली खर्च करेगा. लेकिन अगर मुकाबला 5 स्टार नॉन-इन्वर्टर और 3 स्टार इन्वर्टर AC के बीच हो और आप रोज 6–10 घंटे AC चलाते हैं तो इन्वर्टर AC ज्यादा समझदारी से बिजली बचा सकता है.
अगर आप सच में बिजली के बिल में फर्क देखना चाहते हैं तो 5 स्टार इन्वर्टर AC सबसे बेहतर विकल्प माना जाता है. इसमें आपको ऊर्जा बचत और बेहतर कूलिंग दोनों का फायदा मिलता है. अगर आप लंबे समय तक AC इस्तेमाल करने वाले हैं और हर साल कम बिजली बिल चाहते हैं तो 5 स्टार AC आपके लिए सही रहेगा. वहीं अगर आप दिन या रात में लगातार AC चलाते हैं और शांत व स्थिर कूलिंग चाहते हैं तो इन्वर्टर AC ज्यादा बेहतर रहेगा. अगर आपका बजट थोड़ा ज्यादा है तो 5 स्टार इन्वर्टर AC लेना सबसे समझदारी भरा फैसला होगा.
यह सच है कि 5 स्टार और इन्वर्टर AC की शुरुआती कीमत थोड़ी ज्यादा होती है. लेकिन समय के साथ बिजली के बिल में होने वाली बचत इस अतिरिक्त खर्च को पूरा कर देती है. ज्यादातर भारतीय परिवारों के लिए 5 स्टार इन्वर्टर AC एक संतुलित और फायदेमंद विकल्प है. अगर बजट कम है तो कम से कम 3 स्टार इन्वर्टर AC लेना बेहतर रहेगा बजाय बहुत कम रेटिंग वाले साधारण AC के. और खरीदने से पहले हमेशा BEE की लेटेस्ट रेटिंग जरूर चेक करें.