Ayodhya: 3600 देवी देवताओं की मूर्तियों से सुसज्जित होगा राम मंदिर, ढलाई का काम शुरू, सामने आईं ताजा तस्वीरें
Ram Mandir News: राम भक्तों के 500 वर्षों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. भगवान श्रीराम के दिव्य भव्य मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. जहां एक तरफ छत की ढलाई शुरू हो गई हैं तो वहीं दूसरी तरफ मूर्तियों की ढलाई का भी काम चल रहा है.
भगवान रामलला के मंदिर में जो पत्थर लगाए जा रहे हैं उन पत्थरों में 3600 देवी देवताओं की मूर्ति बनाई जाएगी और मूर्ति बनाने का कार्य प्रारंभ हो चुका है.
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने फोटो जारी करते हुए लिखा कि 'श्री राम जन्मभूमि मंदिर में स्तंभों पीठिका तथा अन्य स्थानों पर सज्जित होने के लिए शास्त्रीय ग्रंथों में वर्णित कथाओं के आधार पर सुंदर मूर्तियों का निर्माण किया जा रहा है. इन मूर्तियों का निर्माण प्रक्रिया की सारिणी के अनुसार निर्दिष्ट स्थानों पर प्रस्थापित किया जाएगा'
इससे यह जाहिर होता है कि गर्भ ग्रह का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जो गर्भ ग्रह में जो पत्थर लगे हुए हैं उन पत्थरो पर अब देवी देवताओं की तस्वीर बनाई जा रही है.
रामलला के मंदिर की छत की ढलाई का लगभग 60% का कार्य पूरा कर लिया गया है. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से मंदिर निर्माण कार्य की और भी तस्वीरें जारी की है.
श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य में भगवान रामलला के गर्भ ग्रह का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है गर्भ ग्रह के निर्माण के बाद अब छत की ढलाई का कार्य चल रहा है छत की ढलाई का जो कार्य है वह 2 से 3 महीने में पूरा कर लिया जाएगा.
अक्टूबर 2023 तक राम मंदिर का प्रथम तल बन करके तैयार हो जाएगा और जनवरी 2024 में शुभ मुहूर्त में भगवान राम लला अपने दिव्य भव्य मंदिर में विराजमान कर दिए जाएंगे.
भगवान राम लला का मंदिर 161 फीट ऊंचा होगा जो 3 फ्लोर में बनाया जाएगा. अभी प्रथम तल का निर्माण कार्य चल रहा है. प्रथम तल का निर्माण कार्य अक्टूबर 2023 में पूरा हो जाएगा और बाकी का निर्माण कार्य चलता रहेगा.