गुजरात के जामनगर में एयरफोर्स का फाइटर जेट क्रैश, मैदान में लगी भीषण आग, एक पायलट की मौत

इस दौरान एक पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकल आया लेकिन दूसरे पायलट की मौत हो गई है. पायलट कल रात से ही लापता था, जिन्हें ढूंढने के लिए टीम लगाई गई थी.
जिला पुलिस अधीक्षक प्रेमसुख देलू ने बताया कि जामनगर शहर से लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पर सुवरदा गांव के एक खुले मैदान में रात करीब 9.30 बजे लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई.
गनीमत रही कि इस दुर्घटना के कारण नीचे जमीन पर कोई हताहत नहीं हुआ. विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का भी पता नहीं चला है.
पुलिस अधीक्षक देलू ने कहा, ‘‘दुर्घटना से पहले एक पायलट सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकल गया, जबकि दूसरा अब भी लापता है. दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमान में आग लग गई. पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए हैं और लापता पायलट की तलाश शुरू कर दी है.’’
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल पायलट को शहर के सरकारी जीजी अस्पताल ले जाया गया और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
इस घटना के बाद जिलाधिकारी केतन ठक्कर भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारण खुले मैदान में लगी आग को फायर ब्रिगेड की टीम ने बुझा दिया.
डीएम केतन ठक्कर ने कहा, ‘‘हमने घायल पायलट को तुरंत जीजी अस्पताल पहुंचाया. विमान खुले मैदान में दुर्घटनाग्रस्त हुआ, लेकिन इसमें कोई नागरिक हताहत नहीं हुआ.
पुलिस और वायुसेना के अधिकारी फिलहाल लापता पायलट का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.’’