JDU की इफ्तार पार्टी में पहुंचे निशांत कुमार, पहले माथे से लगाया, फिर शुरू किया खाना, देखिए तस्वीरें
जनता दल यूनाइटेड की ओर से मंगलवार (17 मार्च, 2026) को पटना के हज भवन में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया. इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार शामिल हुए.
पहले निशांत कुमार इफ्तार पार्टी में पहुंचे. इसके कुछ देर बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे. दोनों का जोरदार स्वागत किया गया.
इस कार्यक्रम में जेडीयू के सभी बड़े नेता मौजूद थे. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी शामिल हुए. इस मौके पर जेडीयू कार्यकर्ताओं की तरफ से निशांत कुमार को लेकर नारा लगाया गया. कहा, बिहार का सीएम कैसा हो निशांत कुमार जैसा हो…
दूसरी ओर इफ्तार पार्टी में निशांत कुमार ने जब खाना शुरू किया तो पहले उसे माथे से लगाया. इसके बाद उन्होंने खाया.
इफ्तार के बाद रोजे की नमाज अदा की गई, जिसमें दावत-ए-इफ्तार में शरीक मुख्यमंत्री सहित सभी रोजेदारों ने प्रदेश, समाज और देश में अमन-चैन, शांति एवं भाईचारे का माहौल कायम रहने की दुआ मांगी.
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधान पार्षद ललन सर्राफ, विधान पार्षद खालिद अनवर, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा जैसे नेता शामिल हुए.
साथ ही बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मो. इर्शादुल्लाह, बिहार राज्य शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मो. इरशाद अली आजाद, बिहार राज्य मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष सलीम परवेज आदि भी उपस्थित थे. बड़ी संख्या में रोजेदार भी थे.